एक बल्ब जलाने पर आया 80 हजार का बिल
सिटी रिपोर्टर - दुर्ग
शिवपारा वार्ड 34 व 35 में रहने वाले गरीब तबके के लोगों को विद्युत वितरण कंपनी ने तगड़ा झटका दिया है। यहां के एक बत्ती कनेक्शनधारियों को एक माह का बिल 15 हजार से 80 हजार रुपए तक थमाया गया है। एक महीने के भारी भरकम बिजली बिल के कारण लोगों के होश उड़ा गए हैं। ऐसे बिजली बिल पीडि़त बहुत से लोग आज विधायक अरुण वोरा के साथ विद्युत मंडल कार्यालय पहुंचे थे। जहां विद्युत वितरण संभाग बघेरा जोन के एई एके मैथ्यू ने लोगों का बिल वापस लिया और रिवाइज करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कनेक्शन नहीं काटने का भी आश्वासन दिया। इस मौके पर मौजूद वरिष्ठ कांग्रेस नेता व निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रताप मध्यानी ने कहा कि बिल में भारी गड़बड़ी हुई है। यह गड़बड़ी कैसे हुई इसकी जांच होना चाहिए। राजेश शर्मा, देवकुमार जंघेल, कन्या ढीमर व अनिल जायसवाल ने लोगों को खपत के अनुसार वास्तविक बिजली बिल देने की मांग की।
एक कमरे में एक बल्ब और बिल हजारों में : सरस्वती बाई का एक कमरे का कच्चा मकान है। इस महीने उसे 80 हजार रुपए का बिल दिया गया है। आधा खपरैल व आधा तालपतरी तान कर झोपड़पट्टी में अकेली रहने वाली ग्वालिनबाई यादव को 42 हजार रुपए का बिल दिया गया है। प्रेमबती को 48 हजार, मनोहर ढीमर को 28 हजार 100, दसरीबाई को 4500, राजकुमारी को 15 हजार, राधेलाल ढीमर को 20 हजार रुपए का बिल दिया गया है। इन लोगों ने बताया कि 23 जनवरी तक बिल जमा नहीं करने पर लाइन काटने की बात कही गई है।
नहीं कटेगा कनेक्शन
॥ किसी का कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। बिल रिवाइज कर वास्तविक बिल भुगतान के लिए भेजा जाएगा। इस बार बिल में अतिरिक्त सुरक्षा निधी भी भी जोड़ा गया है। यह साल भर के खपत के आधार पर जोड़ा जाता है।ञ्जञ्ज केवी मैथ्यू, जेई, बघेरा जोन
विधानसभा में उठाएंगे मुद्दा
॥यह बहुत गंभीर बात है। गरीबों को हजारों का बिल थमाए जा रहे हैं। यह मामला विधानसभा में उठाया जाएगा। बिजली बिल के नाम पर गरीबों को यह तो सताने का काम हुआ।ञ्जञ्ज अरुण वोरा, विधायक
विधायक अरुण वोरा के साथ एकबत्ती कनेक्शनधारियों ने विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव किया।
एकबत्ती कनेक्शन वालों ने किया बिजली दफ्तर का घेराव, बिल वापस लिए गए, रिवाइज होगा