ओवरब्रिज के नीचे यू शेप में लगेगी दुकान
सिटी रिपोर्टर - भिलाई. बेदखल किए गए पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे के फुटकर कारोबारियों को वहीं पर व्यवस्थापित किया जाएगा। वहां पर यू शेप में 38 गुमटियां रखी जाएंगी। इसके बाद पात्रता रखने वाले दुकानदारों को नियमानुसार अलॉट किया जाएगा।
सांसद सरोज पांडेय गुरुवार को पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे ठेले, खोमचे में कारोबार करने वालों के बीच पहुंची। उन्होंने व्यवसायियों की समस्याएं सुनीं। व्यवस्थापन के बारे में नगर निगम प्रशासन से चर्चा की। हाल ही में फोरलेन सर्विस रोड पर यातायात को सुचारू बनाने नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने बेदखली अभियान चलाया था। नेहरू नगर से खुर्सीपार डबरापारा तिराहे तक दोनों तरफ करीब 16 किमी सड़क को कब्जामुक्त कराया। निगम ने नंदिनी रोड और रेलवे फाटक दोनों तरफ की सभी ठेले, खोमचे और झोपडिय़ों को हटा दिया था। इसमें 38 दुकानदार प्रभावित हुए हैं।
विकास समिति डॉ.भीमराव आंबेडकर मार्केट के अध्यक्ष सुजीत कुमार गोस्वामी, उपाध्यक्ष शेख सगीर और आबिद खान ने बताया कि सांसद के हस्तक्षेप के बाद निगम ने बेदखल व्यापारियों को स्थल उपलब्ध कराने भरोसा दिलाया है। ब्रिज के नीचे ही यू शेप में दुकानें व्यवस्थित की जाएंगी, ताकि उनकी रोजी-रोटी भी चले और यातायात में भी बाधा नहीं पहुंचे।
बेदखल लोगों की समस्याएं सुनती सांसद सरोज पांडेय।