28 को रहेगी सुआ गीत व नृत्य की धूम
सिटी रिपोर्टर - दुर्ग
शहर में 28 जनवरी को एक बार फिर जिलेभर की सुआ नृत्य करने वाली महिलाओं की टीम जुटेंगी। सांसद सरोज पांडेय ने प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि महिला सखी सहेली समिति द्वारा सुआ महोत्सव आयोजित किया गया है। यह तीसरा साल है। महोत्सव गवर्नमेंट हाईस्कूल के खेल मैदान में होगा। जिसमें जिले की लगभग 200 सुआ नृत्य दलों के शामिल होने की संभावना है।
पिछले साल 160 दल शामिल हुए थे। सुआ नृत्य छत्तीसगढ़ का एक पारंपरिक लोकनृत्य है। इसको एक मंच प्रदान कर इसकी पहचान राष्ट्रीय स्तर पर दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। सांसद ने बताया कि निर्णय के लिए लोककला के जानकारों की एक टीम रहेगी। उनके दिए नंबर के अनुसार विजेता टीमों का चयन किया जाएगा। अब तक महोत्सव की विजेता अछोटी व मेड़ेसरा की टीमें रही है।
स्टेज की साज-सज्जा में दिखेगा छत्तीसगढ़ी छटा
इस बार खास आकर्षण स्टेज की साज सज्जा भी होगी। जिसमें छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा देखने को मिलेगी। मंच बनाने के लिए कलाकारों की एक टीम है। मंच में छत्तीसगढ़ की प्रतीक धान की बालियां, पंद्रह सौ दीए व बाती, कलशा, खुमरी, पर्रा, बिजना, टोकनी, पटवा की डोरी, सिलका, नांदी, नादिया बैल के चक्के, गल्ला, मोरपंख सहित बैरक और बैलगाड़ी के चक्कों से सजाया जाएगा। साउंड व लाइट की विशेष व्यवस्था रहेगी। मंच को देखने से ही छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की झलक दिखेगी।
मिलेगा पुरस्कार
प्रथम ईनाम 51 हजार रुपए
द्वितीय ईनाम 21 हजार रुपए
तृतीय ईनाम 11 हजार रुपए
दस सांत्वना ईनाम - प्रत्येक 1 हजार
हर प्रतिभागी टीम की महिला सदस्यों को एक-एक साड़ी भेंट की जाएगी।
कौन है जयंती यादव
छत्तीसगढ़ के मशहूर लोक गायक स्वर्गीय केदार यादव की भाभी व प्रख्यात तबला वादक गणेश यादव ((गन्नू भैया)) की पत्नी हैं। 70 के दशक में जयंती के गाए गीतों ने पूरे छत्तीसगढ़ में धूम मचाई थी। उस दौरान उन्हें छत्तीसगढ़ की स्वरकोकिला कहा जाता था। नवा बिहान, आमा मउर, सोन चिरैया जैसे चर्चित छत्तीसगढ़ी सांस्$कृतिक मंचों से वे जुड़ी हुई थीं। आकाशवाणी से हर बुधवार को प्रसारित होने वाले सुर श्रृंगार कार्यक्रम में जब उनके गीत बजते थे तो राह चलने वाले सुनने के लिए रुक जाते थे। ये दे जिनगी के नई हे ठिकाना लहर गंगा... व देखे देवर बाबू तोर भैय्या के चाल जैसे गीतों ने उन्हें शोहरत दिलवाई थी।
सुआ महोत्सव
गवर्नमेंट हाईस्कूल के खेल मैदान में जिले के 200 सुआ दल करेंगे नृत्य कौशल का प्रदर्शन