- Hindi News
- राष्ट्रपति ने दुर्ग निगम को दिया प्रेसीडेंट अवार्ड
राष्ट्रपति ने दुर्ग निगम को दिया प्रेसीडेंट अवार्ड
सिटी रिपोर्टर - दुर्ग
जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीनीकरण मिशन के अंतर्गत आईएचएसडीपी आवास योजना के क्रियान्वयन के लिए दुर्ग नगर निगम को सर्वश्रेष्ठ निगम का पुरस्कार दिया गया। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 21 जनवरी को दिल्ली के विज्ञान भवन में ट्राफी, प्रमाण पत्र व 3 लाख रुपए का पुरस्कार दिया।
समारोह में सांसद डॉ. सरोज पांडेय, नगरीय निकाय के अतिरिक्त संचालक हिम शिखर गुप्ता, महापौर डॉ. शिव कुमार तमेर, कमिश्नर एसके सुंदरानी, इंचार्ज इंजीनियर टीके देव, सूडा के ओएसडी मोहनपुरी गोस्वामी ने विज्ञान भवन के प्लेनरी हाल में पुरस्कार हासिल किया। ये पुरस्कार आवास एवं शहरी गरीबी उपशमन मंत्रालय की ओर से दिया गया है। महापौर डॉ. तमेर ने बताया कि देश के सभी राज्यों, संघ शासित राज्यों के शहरों में चल रही योजना के तहत वर्ष 2012-13 के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए ये पुरस्कार दिया गया है। सर्वश्रेष्ठ शहरी निकाय के रूप में ये सम्मान पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है। सरकार ने शहरों को झुग्गीमुक्त बनाने के लिए ये योजना शुरू की है। योजना पूर्व महापौर सरोज पांडेय के कार्यकाल में शुरू हुई थी। इसके तहत पक्के आवासों का निर्माण कर झुग्गीवासियों को शिफ्ट किया जाएगा। दुर्ग निगम ने उरला में पक्के आवासों का निर्माण किया है।
यहां बने आवासों का निरीक्षण केंद्रीय तकनीकी व प्रशासनिक दलों ने कई बार किया। इसके बाद पुरस्कार देने का निर्णय लिया गया। निगम अफसरों ने बताया कि योजना शुरू होने के बाद काम तेज गति से होने और बेहतर प्लानिंग के कारण वर्ष 2012-13 के लिए दुर्ग निगम को अवार्ड दिया गया है। योजना को पूरा करने जून 2014 तक समय सीमा तय की गई थी। जिसे बढ़ाकर जून 2015 तक कर दिया गया है।
राष्ट्रपति से अवार्ड लेते सांसद व महापौर।