- Hindi News
- खाना नहीं देने पर पत्नी की गला दबाकर हत्या
खाना नहीं देने पर पत्नी की गला दबाकर हत्या
दुर्ग - खाना नहीं देने पर लक्ष्मी पारा थाना जामुल निवासी अजीत सिंह ने पत्नी ३७ वर्षीय लता बाई की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग खड़ा हुआ। जामुल थाने में घटना को लेकर फिलहाल मर्ग पंजीबद्ध किया गया है।
टीआई विशाल सोन के मुताबिक घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े १० बजे की है। अजीत सिंह ने पत्नी लता बाई से खाना मांगा। इस पर पत्नी ने नहा कर आने के बाद खाना परोसने की बात कही। नाराज अजीत तंबाकू लेने के लिए पास के किराना दुकान चला गया। लौट कर आने पर वह कमरे में गया और पत्नी का गला दबाने लगा। लताबाई के चिल्लाने पर १४ वर्षीय बेटा लक्की सिंह मदद के लिए पहुंचा तो अजीत सिंह ने उसकी डंडे से पिटाई करते हुए कमरे से भगा दिया। इसके बाद कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से भाग गया। बेटे लक्की सिंह ने पड़ोसियों की मदद से घटना की सूचना जामुल थाने में दी। पुलिस ने शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पीएम रिपोर्ट के नहीं मिलने से पुलिस ने घटना को लेकर फिलहाल मर्ग पंजीबद्ध किया है।