- Hindi News
- प्रस्तावित भिलाई तहसील की राह में पुरैना का रोड़ा
प्रस्तावित भिलाई तहसील की राह में पुरैना का रोड़ा
सिटी रिपोर्टर - दुर्ग
भिलाई नगर को अलग तहसील बनाने के रास्ते में पुरैना रोड़ा बन गया है। हालांकि प्रशासन ने शासन को पुरैना को भिलाई तहसील में ही शामिल करने का प्रस्ताव भेजा है। पुरैना है तो भिलाई नगर निगम का एक वार्ड ((वार्ड 66)) है, लेकिन यह वार्ड पाटन तहसील में शामिल है।
शासन के आदेश के मुताबिक किसी भी तहसील के एक या दो गांव को नए तहसील में शामिल नहीं किया जाना है। नियम के अनुसार एक तहसील में पूरा ब्लॉक शामिल होगा। पहले प्रशासन ने पूरे भिलाई निगम क्षेत्र को अलग तहसील का दर्जा देने का प्रस्ताव भेजा था। बाद में इसमें जामुल नगर पालिका क्षेत्र को भी शामिल कर संशोधित प्रस्ताव भेजा गया। अब शासन के नियमानुसार पुरैना वार्ड को लेकर असमंजस की स्थिति कायम हो गई है। इसमें शासन से जिला प्रशासन को प्रस्ताव में फिर से संशोधन करने कहा गया था। कलेक्टर ब्रजेशचंद्र मिश्रा ने भिलाई निगम क्षेत्र व जामुल नगर पालिका क्षेत्र को मिलाकर भिलाई नगर तहसील के प्रस्ताव को यथावत शासन को भेज दिया है। अब पुरैना पाटन तहसील में यथावत रहेगा या प्रस्तावित भिलाई तहसील का हिस्सा बनेगा यह निर्णय शासन करेगा।
पुरैना वार्ड की पार्षद मधु लहरे का कहना है कि पुरैना एक बड़ी आबादी वाला वार्ड है। यहां की आबादी करीब 22 हजार है। उनका कहना है कि जनता की सहूलियत को ध्यान में रखकर सरकार नए तहसील का गठन कर रही है। जिसमें पुरैना के लोगों की सहूलियत का भी ख्याल रखा जाना चाहिए। पुरैना को प्रस्तावित भिलाई तहसील में शामिल किया जाना उचित होगा। पुरैना से पाटन की दूरी 25 किलोमीटर है। इसलिए भिलाई निगम का वार्ड होने के साथ ही भिलाई तहसील का हिस्सा बनने पर पुरैनावासियों को लाभ होगा।