- Hindi News
- घटना से पहले आरोपी ने पीडि़त के चाचा के साथ पी थी शराब, गांव में तनाव जारी
घटना से पहले आरोपी ने पीडि़त के चाचा के साथ पी थी शराब, गांव में तनाव जारी
ढौर में दुष्कर्म के आरोपी की हत्या का मामला।
सिटी रिपोर्टर - भिलाई/उतई
ग्राम ढौर में बच्ची के साथ अनाचार की घटना से पहले आरोपी ने पीडि़त के चाचा और एक अन्य के साथ शराब पी थी। जानकारी में यह बात भी सामने आई की आरोपी जुआ और शराब पीने का आदी था। उसकी आदतों से तंग आकर पत्नी एक वर्ष पूर्व उसे छोड़कर मायके चली गई।
घटना के 24 घंटे बाद भी ग्राम ढौर ((सेलूद)) में तनाव की स्थिति है। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर गांव में 200 से अधिक जवान तैनात कर रखे हैं। वहीं उतई थाने में 100 से अधिक जवान रिजर्व में हैं। युवक की मौत के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गुरुवार की शाम नाबालिग से अनाचार के आरोपी परसराम ठाकुर की हत्या के बाद पुलिस को ग्रामीणों के आक्रोश का जिस ढंग से सामना करना पड़ा उसे देखते हुए पुलिस प्रशासन फूंक-फूंक कर कदम रख रही है।
बताया गया कि गुरुवार को घटना की सूचना मिलने पर जब उतई टीआई पीसी नेताम व चार जवान मौके में पहुंचे तो उन्हें भी ग्रामीणों के आक्रोश शिकार होना पड़ा। लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए दुव्र्यवहार किया। गांव के माहौल को देखते हुए लाइन से बुलाए गए जवानों के साथ उतई, पाटन, रानीतराई, अमलेश्वर, कुम्हारी, नेवई के टीआई व स्टाफ तैनात किए गए हैं।
आरोपी के घर में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
घटना को लेकर आरोपी के खिलाफ ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने उसके परिवार की सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। घर के सामने अमलेश्वर टीआई एसएल भूआर्य के साथ दर्जनभर जवानों दिन-रात ड्यूटी कर रहे हैं। गुरुवार को जिला अस्पताल में पीएम के बाद आरोपी का दोपहर बाद गांव में अंतिम संस्कार किया गया।