भागीरथी नल कनेक्शन देने में लापरवाही
सिटी रिपोर्टर - दुर्ग
भागीरथी नल योजना के कनेक्शन देने का काम लापरवाही से हो रहा है। कई वार्डों में नल कनेक्शन देने के बावजूद लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। पाइपलाइन बिछाने में लापरवाही का हाल ये है कि रोड की आधी अधूरी कटिंग कर लोगों के घर तक पाइप बिछाई जा रही है। रोड के ऊपर पाइप होने पर वाहनों की आवाजाही से पाइप को नुकसान होने की संभावना है।
कमजोर आय वर्ग के लोगों को मुफ्त नल कनेक्शन देने का काम दीपक नगर में हाल ही में शुरू किया गया। निरंकारी भवन के पास कई लोगों को भागीरथी नल योजना के कनेक्शन दिए गए। इस दौरान पाइपलाइन बिछाने रोड की कटिंग नहीं की गई। एक दो स्थानों पर रोड की आधी अधूरी कटिंग के कारण रोड के आधे हिस्से में पाइप रोड के ऊपर से गुजर रही है। वाहनों की आवाजाही होने व बच्चों के खेलने से रोड के ऊपर गुजरने वाले पाइप के हिस्से को नुकसान हो सकता है। निगम के सबइंजीनियर गिरीश दीवान ने बताया कि कांट्रैक्ट के अनुसार ठेकेदार को रोड कटिंग कर पाइप बिछाना है। रोड के ऊपर पाइप बिछाना गलत है। लापरवाही करने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गुरु घासीदास वार्ड में एक भी कनेक्शन नहीं
गुरु घासीदास वार्ड में कमजोर आय वर्ग के लोगों की संख्या ज्यादा होने के बावजूद यहां भागीरथी नल योजना के तहत एक भी कनेक्शन नहीं दिया गया है। वार्ड पार्षद सुशीला खिलाड़ी ने बताया कि वार्ड में पानी का प्रेशर न होने के कारण यहां जरूरतमंद लोगों को भागीरथी के कनेक्शन नहीं मिल रहे हैं। पानी का प्रेशर बढ़ाने की मांग पिछले कई साल से करने के बावजूद यहां निगम प्रशासन ने कोई काम नहीं किया है।
पाइपलाइन बिछाने कटिंग करने के बाद रोड को उसी हाल में छोड़ दिया गया है। निगम प्रशासन ने रोड की रिपेयरिंग नहीं कराई है। निगम अफसरों ने बताया कि जहां पर पाइपलाइन बिछाने रोड की कटिंग की गई है। उसकी रिपेयरिंग निगम प्रशासन कराएगा।
रिपेयरिंग भी नहीं कराई
नगर निगम दुर्ग ने दीपक नगर के घरों में लगाई पाइप लाइन।
योजना का हाल
कटिंग किए बगैर रोड के ऊपर बिछाई पाइप लाइन, जहां कटिंग हुई वहां रोड की रिपेयरिंग नहीं