गिरफ्तारी के लिए धरना-प्रदर्शन
मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिमा खंडित करने सहित विजय नगर में मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म व उसकी हत्या करने वाले की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
सिटी रिपोर्टर - दुर्ग
बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा खंडित करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी में हो रहे विलंब को लेकर समता सैनिक दल ने पटेल चौक में धरना-प्रदर्शन कर कलेक्टर ब्रजेशचंद्र मिश्रा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने वर्ष २०१२ में विजय नगर में 9 साल की मासूम बालिका के साथ हुए बलात्कार व हत्या मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने सहित आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग भी की है।
सैनिक दल के संजय गजभिय, आनंद रामटेके, संताष नंदा, भाउदास जामुलकर आदि ने कहा कि विजय नगर में हुए दुष्कर्म और हत्या के सालभर बाद भी पुलिस आरोपी का सुराग तक नहीं लगा सकी है। ऐसे में विजय नगर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराना न्यायोचित होगा। संतोष नंदा, योगेंद्र चौरे, किशोर भावे आदि ने कहा कि राजीव नगर स्थित बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा खंडित करने वाले आरोपी भी अब तक पुलिस पकड़ में नहीं आया है। पुलिस यह भी पता नहीं लगा पाई है कि प्रतिमा खंडित करने के पीछे किन तत्वों का हाथ है। सैनिक दल के लोगों ने कहा कि राजीव नगर स्थित समाजिक भवन के आसपास रिक्त भूमि में आसपास के लोग अतिक्रमण कर रहे हैं जिससे वातावरण दूषित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से भवन के चारो ओर बाउंड्रीवाल निर्माण कराने की मांग की है। दल ने कलेक्टोरेट के सामने प्रस्तावित बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापना में हो रही देरी पर भी चिंता जताई।
ज्ञापन में उन्होंने प्रतिमा जल्द स्थापित करने की भी मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में पंचशील बौद्ध बिहार समिति, कं्राति सूर्य संघर्ष समिति भिलाई, धम्माचक्र महिला स्व-सहायता समिति, बौद्ध महासभा आदि के सदस्य, पदाधिकारी शामिल थे।