- Hindi News
- भावी कुलपति ने की शिक्षामंत्री से मुलाकात
भावी कुलपति ने की शिक्षामंत्री से मुलाकात
सिटी रिपोर्टर - भिलाई
सीएसवीटीयू के भावी कुलपति डा एससी शर्मा ने पदभार लेने से पहले शुक्रवार को भिलाई आकर उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री और वर्तमान कुलपति से मुलाकात की।
बीएमएस इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालॉजी, बेंगलुरु के चीफ मेंटर डा एससी शर्मा सीएसवीटीयू के कुलपति डा बीसी माल के 10 फरवरी को कार्यकाल समाप्त होने के बाद पदभार ग्रहण करेंगे। इसके पहले 28 जनवरी को रूंगटा कालेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नालॉजी में होने वाले सीएसवीटीयू के दूसरे दीक्षांत समारोह में उन्हें विशेष अतिथि बनाया गया है। पदभार ग्रहण करने के पहले गुरुवार की शाम को रायपुर पहुंचे डा शर्मा ने शुक्रवार को भिलाई पहुंचकर पहले कुलपति डा माल से उनके सेक्टर-9 स्थित निवास पर मुलाकात की, इसके बाद उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय से उनके निवास पर मुलाकात की। भिलाई प्रवास के दौरान डा शर्मा सीएसवीटीयू भले ही नहीं गए, लेकिन उनके आगमन की चर्चा यूनिवर्सिटी में चलती रही।
ले रहे माहौल का जायजा : जानकारी के अनुसार, अपने रायपुर-भिलाई प्रवास के दौरान डा शर्मा ने रायपुर में राज्यपाल शेखर दत्त, सीएम डा रमन सिंह व छग शासन मुख्य सचिव सुनील कुमार से मुलाकात कर परिस्थितियों का जायजा लिया।
रहने का इंतजाम गड़बड़ाया : कुलपति के रूप में नियुक्त किए जाने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचे डा शर्मा के रहने के लिए रायपुर सर्किट हाउस में व्यवस्था की गई थी, जहां व्यवस्था नहीं बनने पर पं रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी के गेस्ट हाउस में व्यवस्था की गई, यहां व्यवस्था पसंद नहीं आने पर इंदिरा गांधी कृषि विवि के गेस्ट हाउस में व्यवस्था की गई, यहां भी बात नहीं बनी, जिस पर होटल में इंतजाम किया गया। आखिरकार चर्चा के बाद फिर से सर्किट हाउस में रहने की व्यवस्था की गई।
समारोह में शामिल नहीं होंगे डॉ एससी शर्मा
सीएसवीटीयू के दूसरे दीक्षांत समारोह में विशेष अतिथि बनाए गए डा एससी शर्मा आयोजन में हिस्सा नहीं लेंगे। सूत्रों के अनुसार, कुलपति का पदभार ग्रहण करने से पहले आयोजन में वर्तमान कुलपति के साथ शामिल होने से पद की गरिमा पर पडऩे वाले असर को देखते हुए डा शर्मा शामिल होने से इंकार कर रहे हैं।