- Hindi News
- रसमड़ा औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों ने दिया धरना
रसमड़ा औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों ने दिया धरना
सिटी रिपोर्टर - दुर्ग
बोरई रसमड़ा औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को जय बालाजी इंडस्ट्रीज प्रबंधन के खिलाफ मजदूरों ने धरना प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद श्रमिक शांत हुए। श्रमिकों के 16 सूत्रीय मांगो पर अब 28 जनवरी को चर्चा होगी।
प्रबंधन व मजदूरों के बीच वेतनवृद्धि, पुराने ठेका श्रमिकों के नियमितिकरण व श्रम कानूनों का पालन समेत अन्य मांगो को लेकर चर्चा हुई थी। श्रमिकों ने मांगों पर विचार न करने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। श्रमिकों का आरोप था कि कंपनी प्रबंधन की ओर से जिला पंचायत सदस्य केशव हरमुख के खिलाफ पुलिस या प्रशासन ने यह शिकायत की गई कि हरमुख श्रमिकों को भड़का रहे हैं। औद्योगिक अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। इस शिकायत पर कर्मचारी आक्रोशित हो गए। जिला पंचायत सदस्य हरमुख व चक्रधर मिश्रा समेत अन्य श्रमिक नेताओं के नेतृत्व में श्रमिकों व रसमड़ा के ग्रामीणों ने कंपनी के सामने धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। श्रमिकों का धरना दोपहर 2 बजे तक चला। कई बार तनाव की स्थिति भी बनी। जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने नियंत्रित किया। पुलगांव पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में मांगों पर 28 जनवरी को चर्चा करने पर सहमति बनी। धरना प्रदर्शन में रसमड़ा की पूर्व सरपंच कचरा बाई ठाकुर, कामिनी साहू, राधेश्याम, मुरली अन्य श्रमिक शामिल हुए।