प्लेटफार्म बदलने से यात्रियों में भगदड़
दुर्ग - गोंदिया से मुजफ्फरपुर के बीच चलने वाली १५११८ गोंदिया-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस १२ घंटे विलंब से दुर्ग आई। इस ट्रेन के दुर्ग आने का समय रात १० बजकर ४० मिनट का है। गुरुवार की रात यह ट्रेन अपने निर्धारित समय १०.४० की बजाए शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे दुर्ग स्टेशन पहुंची। इसके विलंब से आने की वजह समय पर रैक न मिलने को बताया जा रहा है। यह ट्रेन सप्ताहभर से विलंब से चल रही है। ट्रेन की लेटलतीफी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को यह ट्रेन प्लेटफार्म नंबर तीन पर आने वाली थी। यात्री तीन नंबर प्लेटफार्म पर ट्रेन के इंतजार में खड़े थे। अचानक अनाउंस हुआ कि गोंदिया-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर तीन की बजाए प्लेटफार्म नंबर चार बजे आएगी। अचानक प्लेटफार्म बदलने की सूचना मिलते ही तीन नंबर प्लेटफार्म पर जमा यात्रियों के बीच भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई। यात्री हड़बड़ी में ब्रिज की ओर भागे।