पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सड़क पर फिर दुकान, गाड़ी भी पार्क

सड़क पर फिर दुकान, गाड़ी भी पार्क

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिटी रिपोर्टर. भिलाई
नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा सर्विस रोड व इसके आसपास को खाली करवाए अभी दो दिन भी नहीं हुए हैं और व्यवसायियों ने वहां फिर से दुकानें लगानी शुरू कर दी है। बेतरतीब ढंग से गाडिय़ां खड़ी की जा रही हैं। इसकी आड़ लेकर ठेले और टपरे भी लगाए जा रहे हैं।
पुलिस कार्रवाई की चेतावनी का भी असर कोई नजर नहीं आ रहा है। दरअसल, निगम ने इससे पहले भी बेदखली अभियान चलाया था। इसके बाद खाली कराए गए स्थानों की निगरानी नहीं की गई, जिसके कारण लोगों ने बिना किसी भय के फिर से कब्जा कर लिया और निगम व यातायात पुलिस को इसी कारण फिर से बेदखली के लिए अभियान चलाना पड़ा। कब्जेधारियों को अभी भी ऐसा लग रहा है कि ऐसा अभियान तो इससे पहले भी चलाया गया है, लेकिन बाद में कोई ध्यान नहीं देता।
नेहरू नगर चौक के आसपास हटाई गई दुकानें फिर से लगने लगी हैं। हालांकि अब ओपन स्पेस पर बिना शेड लगी दुकानें हैं। लेकिन दुकान के सामने कुर्सियां लगाकर खाली जगह का निजी उपयोग तो किया ही जा रहा है। इससे यातायात में भी बाधा पहुंच रही है। यही हाल दक्षिण गंगोत्री और उत्तर गंगोत्री का है। जहां तहां गाडिय़ां रखी जा रही हैं। इसकी वजह से फोरलेन की सर्विस रोड और अतिरिक्त सर्विस रोड के बीच की जगह भर गई है। यश बैंक और श्रेयस कांप्लेक्स के पास भी गाडिय़ां बेतरतीब खड़ी की जा रही हैं। रिवाइवल हॉस्पिटल के सामने भी छोटे-बड़े वाहन दिनभर खड़े रहते हैं।
सर्विस रोड की कमजोर मॉनीटरिंग
बेदखली अभियान के बाद निगम प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने कहा था कि सर्विस रोड को दोबारा अवैध कब्जा से बचाने के लिए इसकी नियमित मॉनीटरिंग की जाएगी। दो दिन तक मानीटरिंग भी की , पर उसके बाद वह ध्यान नहीं दे रही है। ऐसा ही चलता रहा तो फिर अवैध कब्जे होने लगेंगे।




पार्किंग पर वाहन नहीं तो कार्रवाई करेंगे

॥ पार्किंग की व्यवस्था जल्द की जा रही है। उसके बाद यदि किसी ने पार्किंग के बाहर वाहन खड़े किए तो चालान किया जाएगा। वाहन पर नोटिस भी चिपकाए जाएंगे। क्रेन से भी गाडिय़ां हटाई जाएंगी। इसी दौरान होने वाली टूट फूट के लिए वाहन मालिक ही जिम्मेदार होंगे।॥

इरफान खान, डीएसपी ट्रैफिक

रोड पर अवैध कब्जा नहीं होने देंगे

॥ काफी मेहनत से सर्विस रोड और आसपास का अवैध कब्जा हटाया है। दोबारा अवैध कब्जा नहीं होने देंगे। पार्किंग के लिए बोर्ड बनवाए जा रहे है।खाली हुई जगहों की सफाई और लेवलिंग शुरू हो गई है। हम अच्छा पार्किंग दे रहे हैं। थोड़ा समय दीजिए।॥

संजय शर्मा, प्रशासकीय अधिकारी जोन-1 नगर निगम भिलाई

क्या कहते हैं व्यवसायी

पार्किंग जल्दी बनाएं, गाडिय़ां वहीं खड़ी होंगी : दक्षिण गंगोत्री के होटल व्यवसायी रमेश चौहान ने कहा कि नगर निगम जल्दी पार्किंग के लिए मार्किंग कर दे। गाडिय़ां वहीं खड़ी होंगी। गैरेज व्यवसायी गोपाल देवांगन ने कहा कि जब तक पार्किंग नहीं होगी, गाडिय़ां इधर-उधर बिखरी हुई ही दिखेंगी। दुकान के सामने गाडिय़ां खड़ी करने वाले ज्यादातर ग्राहक ही होते हैं इसलिए दुकानदार उन्हें मना नहीं कर पाते। मना करने पर लोग मानते भी नहीं हैं। पर अब अवैध कब्जे जैसी बात नहीं है। होंडा शो रूम के पास खड़े प्रचार वाहन के बारे में बताया गया कि वाहन अभी प्रचार कर लौटा है। जल्द चला भी जाएगा। रिवाइवल के कर्मचारी ने भी कहा कि मना करने के बाद भी लोग सर्विस रोड के आसपास वाहन खड़ा करते हैं। संजय ऑटो डील के प्रमोद ने कहा कि अब तो सेकंड हैंड बाइक के सभी व्यवसायी सर्विस रोड से काफी दूर व्यवसाय करते हैं। हालांकि किसी दिन ज्यादा गाडिय़ां रहती हैं, पर तब भी गाडिय़ां सर्विस रोड दूर ही होती हैं।



अभी भी रोड पर ही व्यवसाय

महात्मा गांधी मार्केट में हालांकि सर्विस रोड को घेरा नहीं गया है, पर इससे लगी खाली जमीन का व्यवसाय के लिए निजी उपयोग किया जा रहा है। अभी भी यहां गैरेज पर बनने आई गाडिय़ां सर्विस रोड पर खड़ी हो रही हैं। सेकंड हैंड दुपहिये बेचने का कारोबार भी यहां सर्विस रोड के किनारे किया जा रहा है। जवाहर मार्केट में सर्विस रोड से सटकर कतार से ठेले लगाए जा रहे हैं। इसी प्रकार दक्षिण गंगोत्री में ऑटो डील का कारोबार करने वालों पर भी पुलिस कार्रवाई का कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। प्राय: सभी कारोबार पहले की तरह ही अपने शो-रूम के सामने गाडिय़ा खड़ी करने लग गए हैं। सड़क पर ही गाडिय़ों की रिपेयरिंग भी फिर से होने लगी है। खास बात यह है कि बेदखली अभियान के दौरान ऑटो डील वाले अपनी गाडिय़ों को पीछे खाली पड़ी निजी जगह पार्किंग कर रखी थी। अब दक्षिण गंगोत्री का नजारा पहले जैसा ही हो गया है। समय रहते निगम व यातायात विभाग ने अगर ध्यान नहीं दिया, तो चलाए गए बेदखली अभियान का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।

चंद्रा मौर्या अंडरब्रिज के पास की स्थिति ऐसी है।

हिमालय कांप्लेक्स के दोनों तरफ वाहन खड़े।

हिमालय कांप्लेक्स के पास ही रोड पर दुकानें।

चौहान स्टेट के पास की स्थिति ऐसी है।

निजी समझते हैं व्यवसायी

भिलाई-3 चरोदा और कुम्हारी में तो रोड किनारे शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर व्यवसाय करने वाले दुकानदार उस जमीन को निजी समझते हैं। भिलाई-3 आजाद मार्केट, चरोदा बस स्टैंड के सामने सर्विस रोड पर जगह-जगह-ठेले खोमचे लगाए गए हैं। शेड लगाकर चाय नाश्ते का होटल भी चलाया जा रहा है।

रोड पर विज्ञापन बोर्ड

पावर हाउस ओवर ब्रिज के नीचे फिर चाय के ठेले लग गए हैं। शहीद वीरनायायण सिंह नगर के पास होंडा ऑटो मोबाइल शो रूम के सामने प्रचार वाहन खड़ा किया जा रहा है। यह जब तक यहां खड़ा रहता है, विज्ञापन बोर्ड की तरह होता है।



सर्विस लेन से कब्जा हटाए अभी सप्ताह भर भी नहीं बीता। कब्जाधारियों ने फिर अतिक्रमण करना शुरू कर दिया है। कई स्थानों पर दुकानें पहले जैसी लगा ली गई हैं। वाहन भी लेन पर फिर पार्क होने लगे हैं।

ध्यान दें जिम्मेदार -