- Hindi News
- सेफी ओए टकराव बढ़ा, पांडेय को बना दिया नॉमिनीसेफी चुनाव हर हाल में 31 को होंगे
सेफी-ओए टकराव बढ़ा, पांडेय को बना दिया नॉमिनीसेफी चुनाव हर हाल में 31 को होंगे
सिटी रिपोर्टर-भिलाई
स्टील एक्जीक्युटिव फेडरेशन ऑफ इंडिया ((सेफी)) में अगले सप्ताह होने वाले चुनाव को लेकर टकराव बढ़ गया है। बीएसपी ओए ने एनके बंछोर के निलंबन और उनकी जगह अजय पांडेय को सेफी नॉमिनी बनाए जाने की सूचना सेफी चुनाव अधिकारी, महासचिव और बीएसपी के सभी 4 हजार अफसरों को ई-मेल कर दी है। बीएसपी ओए ने श्री बंछोर पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाते हुए भविष्य में एफआईआर करवाने की भी बात कही है।
बीएसपी ओए के अध्यक्ष केडी प्रसाद व महासचिव के.के. यादव ने बताया कि सेफी का कार्यकाल 30 जून को पूरा हो चुका है। नियमानुसार सेफी चुनाव इसके बाद एक महीने के भीतर हो जाना था। किंतु दुर्भाग्य है कि 17 हजार से अधिक अफसरों एवं 15 संबद्ध इकाइयों की सर्वोच्च प्रतिनिधि संस्था सेफी के वर्तमान पदाधिकारियों में ज्यादातर ओए के चुनाव हार चुके हैं। इस हार के बाद निहित स्वार्थों के तहत सेफी चुनाव में विलंब कर के 17 हजार अफसरों के हितों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
श्री प्रसाद व श्री यादव ने कहा कि पिछले 14 महीने के बाद मात्र एक सेफी काउंसिल बैठक हुई है। जिसमें 31 जनवरी को चुनाव की तिथि तय की गई और आरवी रामराजू को सर्वसम्मति से चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया । चुनाव अधिकारी रामराजू ने तत्काल अधिसूचना जारी कर दी। इसके बावजूद सेफी के कुछ पदाधिकारी चुनाव न करने के लिए व्यवधान डाल रहे हैं। ओए पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी ये मंशा पूरी नहीं होगी और चुनाव 31 जनवरी को ही होंगे। अगर 31 जनवरी के चुनाव में व्यवधान उत्पन्न हुआ तो वर्तमान कार्यकारिणी को बर्खास्त करने प्रस्ताव लाया जाएगा।
ओए पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि सेफी महासचिव बख्शी प्रसाद अपना विश्वास अपनी ही यूनिट में खो चुके हैं। भिलाई के कुछ अफसरों के साथ मिलकर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। भिलाई के अधिकारी इसे अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने बताया कि ओए बीएसपी कार्यकारिणी ने एनके बंछोर को तीन महीने के लिए निलंबित किया है और उनकी जगह अजय पांडेय को सेफी नॉमिनी के रूप में मताधिकार दिया गया है।यह कदम सेफी और बीएसपी ओए के बायलॉज के अनुसार ही है। एनके बंछोर एक्स आफिशियो एवं सेफी नॉमिनी को बीएसपी ओए एक्जीक्युटिव कमेटी ने वित्तीय अनियमितता एवं ओए दफ्तर के महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब करने के आधार पर प्रतिबंधित किया है। इस पर श्री बंछोर ने ना तो कोई जवाब दिया और ना ही ओए के दस्तावेज वापस किए। उन्होंने कहा कि भिलाई ओए तथा सेफी काउंसिल में किसी तरह का विवाद नहीं है।
अजय पांडेय होंगे सेफी नॉमिनी
३१ को चुनाव होगा, भिलाई से नाम भेजा गया
सेफी-ओए विवाद