नए दुर्ग की आधारशिला का हुआ लोकार्पण
सिटी रिपोर्टर. दुर्ग
पुलगांव चौक स्थित नवनिर्मित होलसेल क्लाथ मार्केट का २५ जनवरी को महिला एवं बाल विकास मंत्री रमशीला साहू के मुख्य आतिथ्य में अतिथियों ने विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा से हुई। यात्रा सदर बाजार स्थित मंदिर से निकलकर पुराना बस स्टैंड होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची। हवन पूजन के बाद अतिथियों ने मार्केट का लोकार्पण किया। इसके साथ ही २० व्यवसायियों द्वारा व्यापार की शुरुआत की गई। शेष व्यवसायी २६ जनवरी से व्यापार शुरू करेंगे। मार्केट में पहले चरण में लगभग ६० दुकानें बनकर तैयार है। ९० और दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है। जिसकी प्रक्रिया जारी है। होलसेल क्लाथ मार्केट को लेकर व्यवसायी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि होलसेल क्लाथ मार्केट का निर्माण नए दुर्ग की आधारशिला की परिकल्पना के साथ किया गया है। इससे दुर्ग शहर के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
महिला एवं बाल विकास मंत्री रमशीला साहू के मुख्य आतिथ्य में अतिथियों द्वारा होलसेल क्लाथ मार्केट का उद्घाटन हुआ। इस मौके पर सांसद सरोज पांडेय और विधायक अरुण वोरा सहित श्रीचंद सुंदरानी, लाभचंद बाफना, रमेश मोदी, वार्ड पार्षद मोती साहू, नगर निगम की लोककर्म विभाग प्रभारी जयश्री जोशी आदि मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती साहू ने होलसेल क्लाथ मार्केट के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। सांसद सरोज ने कपड़ा व्यवसायियों की एकजुटता व साहस की सराहना करते हुए कहा कि होलसेल क्लाथ मार्केट की परिकल्पना शहर के विकास का मार्ग प्रशस्त करने वाली है। विधायक अरुण वोरा ने क्लाथ मार्केट के विकास की राह में आने वाली समस्याओं को यथासंभव दूर करने की मदद का भरोसा दिलाया।
कपड़ा व्यापारियों को होगी सहूलियत
नया मार्केट बालोद, राजनांदगांव, भिलाई, गुंडरदेही व धमधा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के कपड़ा व्यवसायियों के लिए सुविधाजनक साबित होगा। मुख्य मार्ग पर स्थित होने के अलावा यहां पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह है। इसलिए ग्राहकों को भी दिक्कत नहीं होगी। व्यापारियों का कहना है कि अब दुर्ग शहर के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
लोकार्पण समारोह में नहीं आए मुख्यमंत्री
मार्केट का लोकार्पण मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह द्वारा निर्धारित था। लेकिन मुख्यमंत्री डा. सिंह का आगमन स्थगित हो गया। इसकी सूचना शुक्रवार की रात को ही मिल गई थी। मुख्यमंत्री का आगमन रद्द होने से व्यवसासियों में निराधा घर कर गई थी। बाद में उनके दोपहर तीन बजे आने की सूचना मिली। लेकिन प्रवास पर होने के कारण वे नहीं पहुंच सके।
सांसद ने व्यापारियों की एकजुटता व साहस को सराहा
पुलगांव चौक स्थित नवनिर्मित होलसेल क्लाथ मार्केट में पूजा-अर्चना करते व्यापारी। सीएम नहीं आए।
कम होगा इंदिरा मार्केट का दबाव
होलसेल क्लाथ मार्केट अब तक इंदिरा मार्केट से संचालित होता था। नए मार्केट की शुरुआत से इंदिरा मार्केट का दबाव कम होगा। इंदिरा मार्केट में ज्यादातर व्यापारिक संस्थान के आसपास पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं थी। इसकी वजह से कपड़ा खरीदी के लिए आने वाले व्यापारियों को अपने वाहन अन्य स्थान पर पार्क करना होता था। नए मार्केट में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था है।
होलसेल क्लॉथ मार्केट के उद्धाटन के साथ ही 20 संस्थानों में हुआ कारोबार शुरू। शेष व्यवसायी 26 जनवरी को व्यापार शुरू करेंगे। मार्केट के पहले चरण में लगभग 60 दुकानें बनकर तैयार है।
क्लाथ मार्केट -