पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पिछली बार से भी कम हुआ वेज रिवीजन, 17 फीसदी ही बढ़ाया

पिछली बार से भी कम हुआ वेज रिवीजन, 17 फीसदी ही बढ़ाया

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिटी रिपोर्टर. भिलाई
दो साल के गतिरोध के बाद अंतत: शनिवार की रात स्टील सेक्टर में नए वेतन समझौते पर हस्ताक्षर हो गए। इससे स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड ((सेल)) में कर्मचारियों का वेतन 17 फीसदी बढ़ गया है। कर्मचारियों को इस बढ़े हुए वेतन का लाभ अगले महीने से मिलना शुरू हो जाएगा। सेल चेयरमैन सीएस वर्मा ने शनिवार की रात नई दिल्ली में नए वेतन समझौते के प्रारूप को अंतिम रूप देने के दौरान यह भी बताया कि कंपनी का महारत्न का दर्जा खत्म होने वाला है, अगर सभी मिलजुल कर कंपनी को उबार लें और 3 साल तक दर्जा बरकरार रहा तो 5 हजार करोड़ से उपर लाभ की स्थिति में कर्मियों को एक वेतन वृद्धि और दी जाएगी।
सेल में पिछले दो साल से नए वेतन समझौते के लिए बैठकों का दौर चल रहा था। अंतत: शनिवार की रात समझौते के प्रारूप पर हस्ताक्षर हो गए। स्टील एम्पलाइज यूनियन ((इंटक)), हिंदुस्तान स्टील एम्पलाइज यूनियन ((सीटू)), एटक और हिंद मजदूर सभा के प्रतिनिधियों ने बताया कि नए वेतन समझौते के मुताबिक 17 प्रतिशत एमजीबी और 6 प्रतिशत पक्र्स में देना तय हुआ है। वहीं दो साल का एरियर देना भी मैनेजमेंट ने स्वीकार कर लिया है। जिसमें आधी राशि एक महीने में, 25 प्रतिशत राशि छह माह के अंदर और 25 प्रतिशत राशि एक साल के अंदर दे दी जाएगी। शनिवार की बैठक में ठेका मजदूरों के लिए न्यूनतम वेतन वृद्धि भी तय कर ली गई। जिसमें भिलाई में 1300, दुर्गापुर में 750, बोकारो और राउरकेला में1500, बर्नपुर में 1100 और सेलम व अन्य इस्पात संयंत्रों में 1100 रुपए की वृद्धि होगी। नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित होटल में सुबह 11 बजे शुरू हुई बैठकर रात 9 बजे तक चली।
बैठक में भिलाई इकाई से सीटू के एसपी डे, इंटक के एसएम पांडेय, एटक के विनोद कुमार सोनी और एचएमएस के एचएस मिश्रा ने हिस्सा लिया। लंबे समय से लटक रहे वेतन समझौते के प्रारूप पर सहमति के बाद हस्ताक्षर हो जाने से कर्मियों ने राहत की सांस ली है। पिछला वेतन समझौता जहां 21 प्रतिशत वृद्धि के साथ हुआ था वहीं इस बार महज 17 फीसदी वृद्धि का लाभ ही कर्मियों को मिल पाएगा। इसके अलावा कंपनी की लाभ की स्थिति में वर्तमान बेसिक में 3 प्रतिशत की और बढ़ोत्तरी हो जाएगी।



एचआरए पर गतिरोध

बैठक में हाउस रेंट अलाउंसेज में नए बेसिक का 20 प्रतिशत मांगने पर प्रबंधन ने इनकार करते हुए प्रस्ताव दिया कि यह तभी दिया जा सकता हैं जब कम्पनी आवास में रहने वाले कर्मचारियों का हाउस रेंट 10 प्रतिशत काटा जाएगा। इस प्रस्ताव को यूनियनों ने नकार दिया। शाम को कुछ नए प्रस्ताव आने पर बात नहीं बनी तो एचआरए का मामला कोर कमेटी के हवाले कर दिया गया।

नए वेतन समझौते के बाद न्यूनतम बेसिक

ग्रेड वर्तमान नया

एस-1 8630 15,830

एस-2 8890 16,300

एस-3 9160 16,800

एस-4 9440 17,310

एस-5 9730 17,840

एस-6 10,120 18,560

एस-7 10,530 19,310

एस-8 10,960 20,100

एस-9 11,400 20,910

एस-10 11,860 21,750

एस-11 12,460 22,850

दो साल के गतिरोध के बाद आखिरकार श्रम संगठन और सेल मैनेजमेंट एक फार्मूले पर सहमत हुए और शनिवार की रात स्टील सेक्टर के नए वेतन समझौते पर हस्ताक्षर हो गए। अगले महीने से लाभ मिलने लगेगा कर्मियों को।