भाजपा की बैठक में विधायकों पर नाराजगी
सिटी रिपोर्टर. दुर्ग
भाजपा के दुर्ग ग्रामीण मंडल की बैठक में आज कई भाजपा नेताओं ने नाराजगी जताई। स्टैच्यू आफ यूनिटी के लिए सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापित करने गांव गांव से लोहा, मिट्टी संग्रहण करने अभियान के लिए बैठक में भाजपा नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हो रही है। उन्होंने नवनिर्वाचित दो भाजपा विधायकों पर कांग्रेस सरपंचों की बात मानने का आरोप लगाया।
बैठक में भाजपा नेताओं ने कहा कि दोनों विधायक कांग्रेसी सरपंचों के कहने पर काम करते हैं। चिखली के रामस्वरूप साहू ने कहा कि सांसद सरोज पांडेय ने 5 साल पहले गांव में सार्वजनिक मंच आदि का निर्माण करने की घोषणा की थी। आज तक ये निर्माण कार्य नहीं हुए हैं। इसके कारण ग्रामीण नाराज हैं।
कई भाजपा नेताओं ने तवज्जो न मिलने और उपेक्षा का आरोप लगाया। कई पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा के चुनाव अभियान प्रभारी यशवंत जैन बैठकों में नहीं आते हैं। भाजपा के जिला अध्यक्ष थानूराम साहू ने सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव अभियान में जुटने के निर्देश दिए। बैठक में गांव गांव से लोहा मिट्टी एकत्र करने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने कहा गया। बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष थानूराम साहू सहित अन्य नेताओं को आड़े हाथों लिया गया। भाजपा नेता माधव देशमुख, प्रीतपाल बेलचंदन, दिलीप वर्मा, भूषण साहू, महेश ताम्रकार सहित अन्य नेता मुखर रहे। बाद में केबिनेट मंत्री रमशीला साहू भी बैठक में आई। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बेहतर तालमेल के साथ काम करने की अपील की।
नाराजगी दूर करेंगे
दुर्ग ग्रामीण भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रेम नायक ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है। सांसद, विधायकों के दौरे की सूचना न मिलने सहित कई मामलों की शिकायतें बैठक में की गई है। इन शिकायतों को दूर किया जाएगा। सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव अभियान के दौरान सक्रिय रहने कहा गया है। कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर हो जाएगी।