- Hindi News
- कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी के तहत चक्काजाम 31 को
कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी के तहत चक्काजाम 31 को
सिटी रिपोर्टर.दुर्ग
शहर व जिला ग्रामीण कांग्रेस की संयुक्त बैठक में 31 जनवरी को आर्थिक नाकेबंदी की रणनीति तय की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा ने किसानों के साथ वादा खिलाफी की है। किसानों को धान का समर्थन मूल्य 21 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान करने के वादे को चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने भुला दिया है। इसके विरोध में आर्थिक नाकेबंदी की जाएगी।
रणनीति तय करते हुए बताया गया कि अंजोरा बायपास रोड और कुम्हारी टोल नाके के पास आर्थिक नाकेबंदी की जाएगी। अंजोरा बायपास रोड पर विधायक अरुण वोरा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनाराम साहू व शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरएन वर्मा के नेतृत्व में चक्काजाम किया जाएगा। कुम्हारी नाका में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के नेतृत्व में चक्काजाम किया जाएगा। बैठक में कांग्रेस के लोकसभा प्रभारी सुभाष शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील की। दोनों स्थानों पर पांच पांच हजार कार्यकर्ताओं व किसानों की भीड़ जुटाने का टार्गेट तय किया गया। प्रदर्शन स्थल पर किसान व कांग्रेस कार्यकर्ता ट्रैक्टर व बैलगाड़ी लेकर आएंगे। बैठक में पूर्व विधायक बीडी कुरैशी, घनाराम साहू, आरएन वर्मा ने सभी पदाधिकारियों से बूथ स्तर पर सक्रिय रहने और कांग्रेस के तय कार्यक्रमों में उपस्थित होने के निर्देश दिए। बैठक में नंद कुमार सेन, तुलसी साहू, देव कुमार जंघेल, राजेश शर्मा, देवेश मिश्रा, संजय कोहले सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
बैठक में आंदोलन की नीति बनाते कांग्रेस के वरिष्ठ नेता।
राज्य सरकार द्वारा किसानों को धान का समर्थन मूल्य 21 सौ रुपए देने के वादे को पूरा नहीं करने के खिलाफ होगा विरोध प्रदर्शन