अंतिम संस्कार के लिए सस्ती मिलेगी लकड़ी
सिटी रिपोर्टर - भिलाई
छावनी क्षेत्र के लोगों को भी अब अंतिम संस्कार के लिए मंहगी लकड़ी नहीं खरीदनी पड़ेगी। इसके लिए निगम की ओर से रियायती दर पर लकड़ी उपलब्ध कराया जाएगा। निस्तारी के लिए बने घाटों को साफ-सुथरा और सुरक्षित रखा जाएगा।
राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय निर्वाचित होने के बाद सोमवार को पहली बार निगम क्षेत्र की समस्याओं का जायजा लेने निकले। उन्होंने छावनी में लोगों की जरूरतों की जानकारी ली। उनकी शिकायतें सुनीं। मौके पर निगम के अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। छावनी के लोगों ने बताया कि दर्री तालाब जलकुंभी से पट गया है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में खटाल हैं। तालाब में दिनभर भैंसें डूबी रहती हैं। श्री पांडेय ने लोगों के निस्तारी के लिए बने घाटों को साफ-सुथरा और सुरक्षित रखने कहा। मवेशियों की आवाजाही पर रोक के लिए दीवार बनाने के निर्देश दिए। रामनगर मुक्तिधाम की तरह छावनी के मुक्तिधाम में भी अंतिम संस्कार के लिए निगम की ओर से रियायती दर पर लकड़ी उपलब्ध कराने कहा। यहां के बहुत से लोगों ने राशन कार्ड नहीं बनने की शिकायत मंत्री से की। इसके लिए मंगलवार को विशेष शिविर लगाया जाएगा। जिन हितग्राहियों कार्ड नहीं बने हैं उनसे नए आवेदन लिए जाएंगे। दौर में नगर निगम आयुक्त अनिल टुटेजा, पार्षद बशिष्ठ नारायण मिश्रा, जोन-4 के अध्यक्ष श्यामसुंदर राव साथ थे।
बिछेगी 1800 मीटर पाइप लाइन : श्री पांडेय ने छावनी क्षेत्र में गर्मी से पहले शिवनाथ का पानी पहुंचाने के निर्देश अफसरों को दिए। अधिकारियों ने बताया कि अभी राजीव नगर तक पाइप बिछ चुका है। यहां इतना प्रेशर है कि आसानी से 400 नल कनेक्शन दिए जा सकते हैं।
जैसा बताया था उससे भी अच्छा बन रहा है नंदिनी रोड
श्री पांडेय ने निर्माणाधीन नंदिनी रोड का भी निरीक्षण किया। यहां रोड की मोटाई, इस्तेमाल की जा रही तकनीक व मटैरियल को देखकर कहा कि उन्हें जैसा बताया गया था उससे भी अच्छा बन रहा है। उन्होंने सड़क किनारे पेवर ब्लॉक का सुझाव दिया। इंजीनियर्स ने बताया कि यहां हैवी गाडिय़ां चलती है इसलिए उपयुक्त नहीं होगा। मिट्टी का भराव अच्छे से कर दिया जाएगा। लोगों ने धर्मकांटों के सामने कच्ची सड़क होने के कारण धूल उडऩे की शिकायत की।