तोड़ू दस्ते का लोगों ने किया विरोध
भिलाई - सड़क पर बन रहे मंदिर निर्माण का काम रुकवाने गए नगर निगम के तोड़ू दस्ते को लोगों ने घेर लिया। अधिकारियों को खूब खरी खोटी सुनाई और धक्का-मुक्की भी किया। हालांकि तब तक तोड़ू दस्ता कॉलम के लिए लगे सैंटरिंग को उखाड़ चुका था। मंदिर निर्माण करने वालों को चेतावनी देकर लौट गया कि इसके बाद भी निर्माण जारी रखा तो पुलिस बल के साथ दोबारा आएंगे। दोषी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होगी।चंद्रा-मौर्या टॉकीज चौराहा के पास फोरलेन के सर्विस रोड से बिलकुल लगकर पहले छोटा सा मंदिर था। दुग्गल कॉलोनी के कुछ लोग वहां पर अब शिव जी व हनुमान जी का बड़ा मंदिर निर्माण कर रहे हैं। कॉलम खड़ा करने गड्ढा खोदकर सरिया डालकर सैंटरिंग भी फिट कर लिया था। लोगों ने ही शिकायत की थी कि सड़क पर मंदिर बनाया जा रहा है। इससे बाद में आवाजाही में परेशानी होगी। निगम के तोडफ़ोड़ प्रभारी यतींद्र देवांगन और जोन-2 वैशाली नगर के सहायक राजस्व अधिकारी विनोद चंद्राकर दस्ते के साथ पहुंचा। निर्माण करने वालों को जैसे ही निगम के कार्रवाई की जानकारी मिली इकट्ठे हो गए। लोगों के आक्रोश को देखते हुए तोड़ू दस्ता रुक गया। हालांकि तब तक सभी सैंटरिंग को निकालकर सरिया को मोड़ चुके थे।
लोगों ने निगम पर कार्रवाई में पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसी तरह और भी धार्मिक व पूजा स्थल सड़क पर है उन्हें क्यों नहीं हटाया जा रहा है। कुछ लोग फोरलेन जाम करने पर उतारु हो गए थे। लोगों के रूख को भांपते हुए तोड़ू दस्ता लौट गया। जाते-जाते यह चेतावनी भी दी कि निर्माण जारी रखा तो अगली बार दल-बल के साथ आएंगे।