पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ग्रिल चोरी मामले में लापरवाही सब इंजीनियर को शोकॉज

ग्रिल चोरी मामले में लापरवाही सब इंजीनियर को शोकॉज

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिटी रिपोर्टर - दुर्ग
आदित्य नगर गार्डन की ग्रिल व अन्य सामग्री चोरी होने के मामले में लापरवाही और अतिक्रमण होने के बावजूद कार्रवाई न करने वाले निगम के सब इंजीनियर एसके सरीन को शोकॉज नोटिस जारी की जाएगी। निगम कमिश्नर एसके सुंदरानी ने गार्डन की ग्रिल व अन्य सामग्री चोरी होने पर निगम के सब इंजीनियर से इसकी भरपाई करने के आदेश भी दिए हैं।
कमिश्नर ने आज पटरीपार में आदित्य नगर में विकास कार्यों का निरीक्षण किया। दाई दीदी भवन के पास निगम के गार्डन का ग्रिल, गेट व अन्य सामग्री चोरी होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद ईई आरके साहू को सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने चोरी से होने वाले नुकसान की भरपाई सब इंजीनियर से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सब इंजीनियरों को अपने अपने प्रभार वाले क्षेत्र का रोज दौरा करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि प्रभार वाले वार्डों में निगम के गार्डन व अन्य संपत्तियों की सुरक्षा व रखरखाव की जिम्मेदारी सब इंजीनियर पर होगी। उन्होंने नाली या सड़क पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। वार्ड भ्रमण के दौरान दुर्गा मंदिर में छत निर्माण व मेंटेनेंस का काम बंद होने पर कमिश्नर ने ठेकेदार को फटकार लगाई। उन्होंने समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा न होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने शहीद भगत सिंह स्कूल के पास राजमाता विजयाराजे सिंधिया की प्रतिमा की बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने कहा।
आदित्य नगर चौक के पास गुमठी आवंटन करने और जोन कार्यालय से एफसीआई गोदाम तक रोड चौड़ीकरण का काम में लापरवाही पर उन्होंने नाराजगी जताई। यहीं पर सांस्कृतिक भवन के निर्माण की गति धीमी होने पर उन्होंने काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। निगम की लोक कर्म प्रभारी जयश्री जोशी ने मौके पर ही कमिश्नर को ठेकेदारों की लापरवाही की जानकारी दी। निगम कमिश्नर ने निरीक्षण के दौरान ईई से कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का ध्यान रखना जरूरी है। सभी निर्माण कार्य समय सीमा में पूरा होना चाहिए। ऐसा न करने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी कर कार्रवाई करने कहा गया। निरीक्षण के दौरान सब इंजीनियर जितेंद्र समैया, भाजपा नेता लुकेश बघेल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।