पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अब मिलेगा ज्यादा वेतन

अब मिलेगा ज्यादा वेतन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

सिटी रिपोर्टर - भिलाई
सेल-आरआईएनएल में नया वेतन समझौता लागू होने से इस्पात कर्मी बेहद खुश हैं। 17 फीसदी एमजीबी के बाद उच्चतम ग्रेड वाले कर्मियों का वेतन अब अफसरों के ई-4 ग्रेड के समकक्ष आ गया है। सोमवार को दिनभर बीएसपी में कर्मी अपने एरियर और नए वेतनमान की गणना में उलझे रहे। दूसरी तरफ अफसरों के बीच भी नए वेतन समझौते की सुगबुगाहट शुरू हो गई है।
वेतन समझौते के बाद सोमवार को श्रमिक नेता भिलाई पहुंचे। हिंदुस्तान स्टील एम्पलाइज यूनियन ((सीटू)) के एसपी डे, स्टील एम्पलाइज यूनियन ((इंटक)) के एसएम पांडेय, हिंद मजदूर सभा के एचएस मिश्रा और भिलाई श्रमिक सभा ((एटक)) के विनोद कुमार सोनी का रेलवे स्टेशन पर फूल-मालाओं से स्वागत हुआ। सभी श्रमिक नेताओं ने नए वेतन समझौते को बेहतर बताया है। एसपी डे ने बताया कि बेहतर वेतन समझौते के लिए कर्मियों का आभार जताने सीटू 30 जनवरी को सेक्टर-4 स्थित यूनियन के दफ्तर से शाम 4 बजे विशाल रैली निकालेगी।
नए वेतन समझौते के लिए साझा सहमति पत्र ((एमओयू)) पर 25 जनवरी की रात नई दिल्ली में हस्ताक्षर हो गए। इस एमओयू के आधार पर विस्तृत प्रस्ताव स्टील अथारिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड ((सेल)) द्वारा केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। केंद्र सरकार के इस्पात, वित्त, कार्मिक व अन्य संबंधित मंत्रालय इन प्रस्तावों के प्रारूप को मंजूरी देंगे। यूनियन नेताओं की मानें तो नए वित्तीय वर्ष ((अप्रैल-14)) से कर्मियों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। एमओयू के मुताबिक 1 जनवरी 2012 से 24 माह की अवधि के बढ़े हुए वेतन की राशि का भुगतान दो किस्तों में किया जाएगा। श्रमिक नेताओं के मुताबिक अंतरिम गणना के अनुसार एस-1 ग्रेड को लगभग 65 हजार रुपए और एस-1 ग्रेड को लगभग 2.5 लाख रुपए एरियर के मद में मिलेंगे। यह राशि सेवारत कर्मियों को दो किस्तों में मिलेगी और हस्ताक्षर होने के बाद सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों को फाइनल पेमेंट के साथ मिलेगी।



रिटायर को एरियर का पूरा व तत्काल लाभ मिलेगा

श्रम संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि सेल चेयरमैन के समक्ष वेतन समझौते पर हस्ताक्षर होने में लगने वाले वक्त और इस दौरान रिटायर होने वाले कर्मियों का मुद्दा सभी ने उठाया। चूंकि एमओयू के मुताबिक सेल मैनेजमेंट ने 24 महीने के एरियर की आधी राशि एक महीने के अंदर और शेष राशि का भुगतान छह माह से एक साल के भीतर करने का वादा किया है। श्रम संगठनों ने यह मुद्दा उठाया कि रिटायर होने वाले कर्मियों को यदि छह माह से साल भर के भीतर एरियर मिलेगा तो यह अन्याय होगा। सेल चेयरमैन श्री वर्मा ने घोषणा की कि वेतन समझौते पर हस्ताक्षर के तुरंत बाद रिटायर होने वाले कर्मियों को एरियर की राशि का शत-प्रतिशत भुगतान उनके फाइनल पेमेंट के साथ किया जाएगा।



समझौता कर दिल्ली से लौटे मजदूर नेता का स्टेशन पर किया स्वागत।

आभार रैली 30 को - नए वेतन समझौते से बीएसपी कर्मचारियों में उत्साह