पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पति बोला पत्नी का अपहरण हो गया, पत्नी बोली नहीं मालूम

पति बोला-पत्नी का अपहरण हो गया, पत्नी बोली-नहीं मालूम

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिटी रिपोर्टर - भिलाई
पुलिस कंट्रोल रूम में सोमवार शाम एक व्यक्ति ने यह सूचना दी कि अज्ञात दो युवकों ने चाकू की नोक पर उसकी पत्नी का अपहरण कर लिया है। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। चारों तरफ नाकेबंदी की गई। लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद उसके घर से फोन आया कि पत्नी घर पहुंच गई है और सही सलामत है।
पुलिस के अनुसार कुम्हारी थाना अंतर्गत ग्राम कंडरका निवासी हीरालाल साहू ने पुलिस को यह बताया कि जब वह पत्नी सावित्री के साथ बाइक से नवातरिया जा रहा था तभी सेमरिया के पास बाइक पर सवार दो नकाब पोश युवक आए और चाकू की नौक पर उसकी पत्नी का अपहरण कर लिया। पुलिस ने नाकेबंदी कर आसपास पार्टियां भी रवाना कर दीं। घटना की तस्दीक के लिए हीरालाल को मौके पर ले जाया गया। अभी उससे घटनाक्रम के बारे में पूछा ही जा रहा था कि सूचना आई कि उसकी पत्नी घर पहुंच गई है। अब पुलिस हीरालाल को लेकर उसके गांव कंडरका पहुंची। वहां उसकी पत्नी घर में आराम से बैठी मिली। उसने पुलिस को बताया कि वह पति के साथ लौट रहे थे कि रास्ते में बाइक से गिर गए। उसका पति उसे छोड़कर चला गया तो वह भी लिफ्ट लेकर घर आ गई। उसने अपहरण जैसी किसी घटना से इंकार किया।