पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • लोक कलाकारों ने माटी की खुशबू बिखेरी.. देखने वाले निहाल हुए

लोक कलाकारों ने माटी की खुशबू बिखेरी.. देखने वाले निहाल हुए

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिटी रिपोर्टर - दुर्ग
सुवा महोत्सव में मंगलवार छत्तीसगढ़ी लोक गीत, नृत्य और हास्य के रंग बिखरे। शाम 4 बजे से शुरू हुए महोत्सव में रात तक पारंपरिक सुवा नृत्य करने वाले 165 दलों ने शानदार प्रस्तुति दी। अनूप सोनी, अलका चंद्राकर जैसे छत्तीसगढ़ी गायकों के गीतों पर लोग झूमते रहे। हास्य कलाकार संतोष निषाद मंच पर जब तक रहे, हंसी के फौव्वारे फूटते रहे।
जेआरडी शासकीय बहुद्देशीय स्कूल में आयोजित सुवा महोत्सव में हर साल की तरह पूरे जिले से सुवा मंडलियां शामिल हुई। हर मंडली में 10-10 महिलाओं का समूह था। युवतियों के अलावा बुजुर्ग महिलाएं भी सुवा नृत्य करने आई। प्रतियोगिता के अनुसार एक साथ 10 समूहों को सुवा नृत्य करना था। प्रतियोगिता के दौरान आकर्षक परिधानों में सजी महिलाओं ने सुवा नृत्य के रंग बिखेरे।
कार्यक्रम के दौरान सांसद सरोज पांडेय ने कहा कि सुवा महोत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ी लोक कला को संवारने का प्रयास किया जा रहा है। केबिनेट मंत्री रमशीला साहू व विधायक लाभचंद बाफना ने कहा कि सांसद सरोज पांडेय ने छत्तीसगढ़ी लोक कला को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। सभा को विधायक सावला राम डाहरे सहित अन्य भाजपा नेताओं ने संबोधित किया। आयोजित महोत्सव में महापौर डा. शिव कुमार तमेर, सभापति डा. देव नारायण तांडी, जिला भाजपा अध्यक्ष थानूराम साहू, संतोष सोनी, जयश्री जोशी, डा. चंद्रकला खिचरिया, दिनेश देवांगन, भूपिंदर सिंह, सखी सहेली समिति की अध्यक्ष चंद्रिका चंद्राकर सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।
कलाकारों ने बटोरी वाहवाही
महोत्सव के दौरान छत्तीसगढ़ी सिंगर अलका चन्द्राकर, सुनील सोनी ने गीतों की प्रस्तुति दी। इसके अलावा प्रदेश के प्रसिद्ध नृत्य निर्देशक तरुकेश रतिहा ने अपनी टीम के साथ कला का प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ के जानी लीवर माने जाने वाले हास्य कलाकार संतोष निषाद की प्रस्तुति पर लोग ठहाके लगाते रहे।
जयंती यादव को नारी सुवा सम्मान: सुवा महोत्सव में नारी सुवा सम्मान छत्तीसगढ़ी गायिका जंयती यादव को दिया गया। उन्हें सम्मान के रूप में 11 हजार रुपए नगद राशि के अलावा ताम्रपत्र व प्रतीक चिन्ह दिया गया।



एक टर्न में १० दलों ने एक साथ नृत्य किया। इस दौरान दस जज प्रतिभागियों के हुनर का अवलोकन करते रहे।

जय शीतला सुवा समिति ने

जीता प्रथम पुरस्कार

सुवा महोत्सव में प्रथम स्थान जय शीतला सुवा समिति मुरमुंदा ने प्राप्त किया। मंडली को उन्हें 51 हजार रुपए का पुरस्कार मिला। द्वितीय पुरस्कार मोर कवई सुवा जरवाय को 21 हजार रुपए, तृतीय पुरस्कार जय बूढ़ादेव सहसपुर बेमेतरा को 11 हजार रुपए के अलावा 10 टीमों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में एक एक हजार रुपए प्रदान किया गया। हरेक टीम की प्रतिभागी महिला सदस्यों को एक-एक साड़ी उपहार के रूप में दी गई।



अनुज शर्मा ने किया मनोरंजन

महोत्सव में छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सुपर स्टार अनुज शर्मा का बेसब्री से इंतजार होता रहा। रात सवा 9 बजे अनुज शर्मा मंच पर आए। छत्तीसगढ़ी फिल्मों के गीतों पर अनुज शर्मा ने नृत्य कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।



दिखी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा

महोत्सव के दौरान मंच में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा देखने को मिली। मंच की साज सज्जा अंचल के प्रसिद्ध कलाकारों ने की है। मंच की सजावट छत्तीसगढ़ की जीवंतता के प्रतीक धान की बालियां, 1500 दीया-बाती के अलावा कलशा खुमरी, पर्रा, बिजना, टोकनी, पटवा की डोरी, शिका, नांदी, नांदिया बैला का चक्का, गल्ला, मोर पंख से की गई है।



आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाएं जुटी। दुर्ग सहित आसपास के जिलों से भी लोग आए।

महोत्सव में पहुंचे अतिथि दीर्घा। बांए से सांवलाराम डाहरे, लाभचंद बाफना और सांसद सरोज पांडेय।

165 सुवा दलों ने किया सुवा नृत्य, छत्तीसगढ़ी गीत संगीत पर झूमे लोग, संतोष की कलाकारी पर फूटे ठहाके

सुवा महोत्सव - जेआरडी स्कूल में १६५ सुवा नृत्य दल ने आयोजन में लिया हिस्सा