- Hindi News
- उत्कृष्ट काम करने वालों से मांगा गया आवेदन
उत्कृष्ट काम करने वालों से मांगा गया आवेदन
दुर्ग - महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों के कल्याण की दिशा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए व्यक्तियों व संस्थाओं से नेशनल अवार्ड फॉर चाइल्ड वेलफेयर 2013 के लिए आवेदन पत्र मंगाए गए हैं। किसी संस्थान अथवा शासकीय विभाग में कार्यरत वेतनभोगी कर्मचारी इस पुरस्कार के लिए पात्र नहीं है। पुरस्कार के लिए भारत सरकार द्वारा 3 व्यक्तियों व 5 संस्थाओं का चयन किया जाएगा।
14 नवम्बर बाल दिवस पर प्रत्येक चयनित व्यक्ति को 1 लाख रुपए व प्रशस्ति पत्र तथा चयनित संस्था को 3 लाख रुपए व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। इसी तरह राजीव गांधी मानव सेवा अवार्ड फॉर सर्विस टू चिल्ड्रन 2013 के लिये भी इसके तहत बच्चों के विकास, संरक्षण और उनके कल्याण के क्षेत्र में किये गये कार्यों के लिये पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कार के लिए 3 व्यक्तियों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक को 1 लाख रुपए नकद व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके लिए भी किसी संस्थान या शासकीय विभाग में कार्यरत वेतनभोगी कर्मचारी पात्र नहीं होंगे। दो पुरस्कारों के लिए आवेदन पत्र 20 मार्च 2014 तक जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।