ट्विनसिटी में दो दिनों तक रहेगी शीतलहर
दुर्ग - जनवरी ठंड के अहसास के बिना गुजर गया। ऐसा लग रहा था कि ठंड का मौसम यूं ही गुजर जाएगा। लेकिन हवाओं की दिशा बदलने और निर्धारित स्थान पर प्रति चक्रवात बनने से ठंड एक बार फिर अपना अहसास कराने लगी है। मंगलवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप देखा गया है। बुधवार और गुरुवार को जिले में शीतलहर का प्रकोप रहने की भविष्यवाणी मौसम विभाग ने की है। सहायक मौसम विज्ञानी एनके मेहता ने बताया कि प्रदेश के ऊपरी वायुमंडल में प्रतिचक्रवात बना था जिसके कारण उत्तरी हवा नहीं आ रही थी। वर्तमान में प्रतिचक्रवात राजस्थान के ऊपर बना है। दो दिनों से लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है। यह स्थिति 30 जनवरी तक बनी रह सकती है। श्री मेहता के अनुसार 30 जनवरी के बाद मौसम में आंशिक परिवर्तन हो सकता है।