सड़क पर अतिक्रमण से आवाजाही में दिक्कत
दुर्ग - सिंधी कालोनी में रोड पर अवैध कब्जों की भरमार हो गई है। वार्ड के नागरिकों ने निगम प्रशासन को अवैध कब्जे के कारण आवागमन में होने वाली परेशानी की जानकारी देते हुए कब्जे हटाने की मांग की थी। लोगों का कहना है कि पिछले तीन साल से कब्जे हटाने की मांग के बावजूद अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। वार्ड नागरिकों ने बताया कि दिसंबर 2010 में ज्ञापन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कई बार ज्ञापन देकर कब्जे हटाने की मांग की गई। एक दो बार निगम के इंजीनियर नापजोख करने आए। रजिस्ट्री की कापी लेकर मामले की जांच करने की जानकारी देकर वे चले गए। आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मांग करने वालों में भगवान दास किंगरानी, घनश्याम दास राजपाल, धनराज ज्ञानचंदानी आदि शामिल हैं।