भोजन में निकले कीड़े, शिकायत
दुर्ग - शहर के एक स्कूल में लगातार दूसरे दिन भी मध्यान्ह भोजन में कीड़े होने के कारण बच्चों को भोजन नहीं परोसा गया। शासकीय बालक प्राइमरी स्कूल तितुरडीह क्रमांक एक सिकोलाभाठा के प्रधान पाठक ने इसकी लिखित शिकायत आज ब्लाक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में की। डीईओ आशुतोष चावरे ने इस मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
तितुरडीह स्कूल के हेडमास्टर ने बीईओ कार्यालय में लिखित शिकायत में बताया कि 28 जनवरी को बच्चों के भोजन में कीड़े पाए गए थे। इसके कारण बच्चों को भोजन का वितरण नहीं किया जा सका। इसकी सूचना भोजन व्यवस्था का संचालन करने वाली सखी सहेली समिति को मोबाइल पर दी गई। आज 29 जनवरी को लगातार दूसरे दिन भी भोजन में कीड़े मिले।
इसके कारण आज भी बच्चों को मध्यान्ह भोजन नहीं दिया गया। ब्लाक शिक्षा अधिकारी डा. केवी राव का कहना है कि वे इस समय दिल्ली में हैं। उनके कार्यालय में हुई शिकायत की जानकारी उन्हें नहीं है। इधर डीईओ आशुतोष चावरे ने कहा कि अभी तक उन्हें इस संबंध में शिकायत नहीं मिली है। इस मामले की जांच कराई जाएगी।