- Hindi News
- धर्मशास्ता पर्व पर हुआ गणपति हवन और गूंजे हरि कीर्तन
धर्मशास्ता पर्व पर हुआ गणपति हवन और गूंजे हरि कीर्तन
सिटी रिपोर्टर - भिलाई
अयप्पा मंदिर, सेक्टर 2 में धर्मशास्ता पर्व के आठवें दिन बुधवार को हुई पड़ी पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर पर्व को धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर मंदिर की आकर्षक सजावट की गई और प्रसाद वितरण किया गया।
सर्प बलि के अवसर पर मंदिर प्रांगण में सुबह से आना जाना शुरू हो गया था। प्रात: 5 बजे भगवान अयप्पा के जागने के बाद पूजा का सिलसिला शुरू हुआ। जिसमें गणपति हवन, हरिनाम कीर्तन, विष्णु सहस्रनाम, उषा पूजा, भगवति परयानम, उच्चा पूजा आदि हुए। शाम 7 बजे से सर्प बलि पूजा हुई जिसमे नाग देवता की पूजा कर भोग चढ़ाकर उन्हें प्रसन्न किया गया। इस दौरान उन्हें चावल की बलि चढ़ाई गई।
रात्रि8 बजे पड़ी पूजा की गई जिसमें मंदिर के सभी सीढिय़ों की वेद के रूप में पूजा की गई। इस अवसर पर मंदिर को अनेक दीयों की दीपमाला से सजाया गया। जिसकी आभा से पूरा वातावरण जगमगा उठा। इस अवसर पर केरला के पारंपरिक व्यंजनों का भंडारा कर प्रसाद वितरण भी किया गया। इस अवसर पर अयप्पा सेवा संघम के अध्यक्ष एमएस रघु कुमार, महासचिव एमएन संतोष कुमार, भिलाई नायर समाज के अध्यक्ष एस अनिल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
सेक्टर-2 स्थित अय्यपा मंदिर में धर्मशास्ता पर्व पर की गई आकर्षक सजावट।