पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हमाल किसान विवाद मामला थाने पहुंचा

हमाल-किसान विवाद मामला थाने पहुंचा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिटी रिपोर्टर - दुर्ग
हमाली दर में बढ़ोतरी की मांग को लेकर थोक सब्जी मंडी के रेजा व हमालों ने पांच दिन से काम बंद कर रखा है। इसकी वजह से किसानों व सब्जी व्यापारियों को खुद ही सब्जी की लोडिंग अन लोडिंग करनी पड़ रही है। हमालों की मांग हमाली दर में दो गुना वृद्धि करने की है। अब तक उन्हें प्रति कैरेट 1 रुपए और प्रति बोरी दो रुपए की दर से पारिश्रमिक मिलता है। उनकी मांग प्रति कैरेट 2 रुपए और प्रति बोरी 4 करने की है।
हमालों की मांग का मंडी के व्यापारियों सहित किसान भी विरोध कर रहे हैं। किसानों और खुदरा व्यापारियों का कहना है कि थोक मंडी शहर से दूर होने के कारण उन्हें पहले ईंधन पर ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है। हमाली दर बढ़ाने से उन्हें नुकसान होगा। किसानों का कहना है कि हमारी दर में बढ़ोतरी हुई तो वे अपना माल कहीं और ले जाएंगे। यही बात खुदरा व्यापारियों ने कही। ऐसा हुआ तो थोक व्यवसायियों को भी नुकसान का सामना करना पड़ेगा।
इस बात को लेकर उनके बीच बैठक का दौर चल रहा है। हमालों ने कलेक्टर ब्रजेशचंद्र मिश्रा से भी हमाली दर बढ़ाने की गुजारिश की है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने मंडी सचिव को दोनों पक्षों के बीच बैठक कराने व बीच का रास्ता निकालने निर्देशित किया था। कलेक्टर के निर्देश पर गुरुवार को मंडी सचिव कंवर ने दोनों पक्षों की बैठक करवाई।
लेकिन बैठक बेनतीजा रही। मंडी सचिव जेके कंवर ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाईश देने की कोशिश की गई लेकिन दोनों पक्ष अपनी बात पर अड़े रहे। श्री कंवर ने बताया कि बैठक की स्थिति से उन्होंने प्रशासन को अवगत करा दिया है।



बैठक के बाद हुई झूमाझटकी

मंडी सचिव के कार्यालय से बाहर निकलने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी होने लगी। इस दौरान एक किसान के कपड़े फट गए। मौके पर थोक सब्जी व्यवसायी संघ के अध्यक्ष नासिर खोखर भी मौजूद थे। दोनों पक्षों को किसी तरह समझाईश देकर शांत किया गया। वहां से वे मोहन नगर थाने पहुंच गए। जहां उन्होंने एक दूसरे के विरुद्ध लिखित शिकायत की है। पुलिस ने दोनो पक्षों को समझाईश दी है।