शिक्षकों को तीन माह से नहीं मिला वेतन
भिलाई - शासन से अनुदान प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों को दो-तीन महीने से वेतन नहीं मिला है।
जिले में शासन से अनुदान प्राप्त 17 प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक और 12 उच्चतर माध्यमिक शाला संचालित हैं। इनमें दुर्ग-भिलाई में तुलाराम आर्य कन्या विद्यालय, दाऊ रुप्र उमा विद्यालय, शहीद भगत सिंह उमा विद्यालय, जनता प्राथमिक शाला, कैंप-1, लोकभारती विद्यालय, रामनगर से लेकर नंदिनी नगर, राजहरा, तक के स्कूल शामिल हैं। शासकीय अनुदान प्राप्त शिक्षक एवं कर्मचारी संगठन के प्रांतीय मंत्री रुद्र मूर्ति कहते हैं कि इन स्कूलों में कार्यरत शिक्षक व कर्मचारियों को दो-दो, तीन-तीन माह से वेतन नहीं मिला है। दूसरी ओर डीईओ ऑफिस से जुड़े लोगों का कहना है कि वेतन देने में धीरे-धीरे नियमितता आती जा रही है। फिलहाल, अनुदान प्राप्त स्कूलों के लिए पौने तीन करोड़ रुपए की राशि शासन से आ चुकी है, जिसे रि डिस्ट्रीब्यूशन करने का काम शुरू किया जा चुका है।