खाली प्लॉट पर बनाए जाएंगे पार्किंग स्थल
सिटी रिपोर्टर - भिलाई
नगर निगम प्रशासन ने मार्केट व व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स के आसपास पार्किंग स्थल की तलाश शुरू कर दी है। आयुक्त अनिल टुटेजा ने राजस्व विभाग, अधीक्षण यंत्री और सभी जोन के प्रशासकीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने पार्किंग के लिए आरक्षित स्थल नहीं होने पर वैकल्पिक इंतजाम भी विचार करने कहा।
दैनिक भास्कर ने पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण राहगीरों को होने वाली परेशानी को प्रकाशित कर निगम प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया। आयुक्त श्री टुटेजा ने गुरुवार को इस संबंध में अधीक्षण यंत्री सत्येंद्र सिंह, राजस्व अधिकारी एचके चंद्राकर और जोन के प्रशासकीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने पार्किंग के लिए नई जगह की तलाश करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि अगर निगम का कोई आरक्षित स्थल नहीं है तो खाली प्लॉटों को फिलहाल अस्थाई पार्किंग स्थल घोषित
किया जाए।
ठेके पर होगा संचालन : बताया गया है कि निगम ऐसे सभी पार्किंग स्थल को ठेके पर ही संचालित करेगा। चाहे मार्केट के कारोबारी हो या खरीदार सभी को पार्किंग स्थल पर गाडिय़ां खड़ी करनी होगी। ऑटो डीलर्स व जहां-तहां वाहन मरम्मत करने वाले मेकेनिक्स को भी गाडिय़ां पार्किंग स्थल पर ही खड़ी करनी होगी। इसके बदले उन्हें रोज का शुल्क चुकाना होगा।