पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कनेक्शन कटा, पानी के लिए हाहाकार

कनेक्शन कटा, पानी के लिए हाहाकार

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
तेलीनसत्ती में गहराने लगा जल संकट, ग्रामीणों में आक्रोश।
भास्कर न्यूज - धमतरी
तेलीनसत्ती सरपंच द्वारा नल जल योजना का विद्युत कनेक्शन काट देने से गांव में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। डेढ़ महीने से ग्रामीण पानी के लिए भटक रहे हैं। निस्तारी तालाब में गंदगी होने से ग्रामीणों में बेहद आक्रोश है।
शहर से चार किमी दूर ग्राम तेलीनसत्ती की जनसंख्या 3500 है। पंचायत की अनदेखी से गांव में बदहाली का आलम है। नल जल का कनेक्शन काट देने से पानी के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है।
हैंडपंपों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। ग्रामीण सोहद्रा, रुखमणी, रीतू, शांति, जीवनलाल, सुंदरलाल, रामनारायण, महाबली, इंदू, कृष्णा बाई आदि ने बताया कि साल में दो-तीन बार बोर का कनेक्शन काट दिया जाता है। जो शुल्क नहीं पटाते उनके कारण पूरे गांव में योजना को बंद कर दिया गया है। मनमानी से गांव में पानी के लिए अफरा तफरी मची हुई है।
आंगनबाड़ी, गौराचौरा, रंगमंच के पास स्थित हैंडपंपों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। पीने के साथ निस्तारी की समस्या भी हावी होते जा रही। तालाब का पानी सूख रहा है। मजबूरी में लोगों को तालाब के गंदे पानी में निस्तारी करना पड़ रहा है। सुबह होते ही लोग बाल्टी, कपड़े लेकर नलों में भटक रहे हैं। समस्याओं को लेकर सरपंच राधिका साहू से संपर्क किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हुआ।
बीमारी का डर
वर्तमान में गांव में पेयजल का प्रमुख साधन हैंडपंप ही है। हैंडपंप से भी गंदा पानी आ रहा, जिससे बीमारी फैलने का डर बना हुआ है। महिलाओं ने बताया कि हैंडपंप से कचरा निकल रहा है। जलजनित बीमारी फैली तो गांव में मुसीबत और बढ़ जाएगी, जो शुल्क दे रहे हैं, उनका कनेक्शन चालू करना चाहिए।




धमतरी. नलजल योजना बंद होने से आई आफत।

नहीं हुई नालियों की सफाई

ग्रामीणों ने बताया कि गांव की नालियां गंदगी से बजबजा रही है। दलदल इतना ज्यादा है कि सड़क में पानी बहते रहता है। सरपंच के घर से लेकर पूरे गांव की नालियां जाम है। अब तक एक बार भी नाली की ठीक से सफाई नहीं हुई। बदबू से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। मच्छर मुसीबत बन रहे हैं।



धमतरी. तेलीनसत्ती के गौरा चौरा के पास स्थित हैंडपंप में लगी रहती है भीड़।