भर्रेगांव में उमड़ा जनसैलाब
राजनांदगांव - योग वेदांत सेवा समिति भर्रेगांव के तत्वावधान में आयोजित धर्म रक्षा सत्संग एवं संत सम्मेलन में विशाल जनसैलाब को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र से पधारे संत आचार्य सुनील शास्त्री ने कहा कि संत आसाराम को षडयंत्र के तहत फंसाया गया है। बिना किसी सबूत व तथ्य के लगातार पांच महीने से बापू को जेल में रखा गया है। हिन्दू संतों के प्रति लोगों की आस्था को तोडऩे का यह बड़ा प्रयास है। इसके पूर्व शंकराचार्य जयेन्द्र सरस्वती, गुजरात के संत केशवानंद महाराज, स्वामी नित्यानंद जैसे हिन्दू संतों को भी फंसाया गया था। उन्होंने कहा कि बापू कोई धार्मिक व्यक्ति नहीं बल्कि साक्षात धर्म है। बापू पर हमला पूरे संत समाज पर हमला है। अपनी प्रखर ओजस्वी वाणी में नया जोश भरते हुए आचार्य ने कहा कि संत समाज अब चुप नहीं बैठेगा। अत्याचार के खिलाफ वे समाज के लोगों को जगाएंगे। उनमें जागरूकता लाएंगे ताकि मिशनरियों के साजिश का पर्दाफाश हो सके। बापू की शिष्या अहमदाबाद से आई साध्वी लीना बहन ने कहा कि गुरु के प्रति एकनिष्ठ भक्ति शिष्य को परमपद में पहुंचा देती है।