- Hindi News
- शालाओं की समस्याओं को लेकर की गई शिविर में चर्चा
शालाओं की समस्याओं को लेकर की गई शिविर में चर्चा
भास्कर न्यूज - भाटापारा
विकासखंड स्तरीय शैक्षिक शिक्षक समस्या निवारण शिविर का आयोजन शिवलाल मेहता शाउमावि शाला के सभागार में हुआ। इसके मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी बलौदाबाजार भाटापारा थे। कार्यक्रम का प्रारंभ मां सरस्वती की पूजा अर्चना से हुआ।
तत्पश्चात सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी जेएस भारती, विकासखंड शिक्षा अधिकारी केएन वर्मा बीआरसीसी अशोक यदु ने शिक्षा के अधिकार अधिनियम के प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा में गुणात्मक विकास पर जोर दिया। इसके पश्चात संकुल समन्वयक के माध्यम से शालाओं में व्याप्त विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी एसएन पण्डा ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विखं के सभी प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठकों एवं संकुल समन्वयकों को उनके कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों के संबंध में मार्गदर्शन दिया। चर्चा में प्राप्त प्रमुख स्थानीय स्तर की समस्याओं का निराकरण करते हुए शेष समस्याओं का निराकरण 30 जनवरी तक अनिवार्य रूप से करने का आश्वासन दिया।
शिविर के दौरान छग शिक्षक संघ, शिक्षक पंचायत संघ, नगरीय निकाय शिक्षक संघ द्वारा विभिन्न शिक्षकीय समस्याओं के संबंध में ज्ञापन दिया गया। जिला शिक्षाधिकारी द्वारा बिंदुवार चर्चा करते हुए इसका समाधान किया गया।
उक्त शिविर में विकासखंड के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठकों सहित सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी एसपी गुप्ता, देवलाल बघमार,शिवलाल यादव प्राचार्य, एसके भृगु, सभी संकुल समन्वयकों, बीआरपी अशोक पंत, रमेश वर्मा, एपीसी राजेन्द्र जोशी, लेखापाल मनोरमा धनगर चौहान, पडवार, शशांक पुरोहित हेमंत वर्मा, राकेश साहू आदि उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी साक्षर भारत ईश्वरलाल देवदास ने किया।