- Hindi News
- स्वामीजी का संदेश लिए पहुंचा विवेकानंद रथ
स्वामीजी का संदेश लिए पहुंचा विवेकानंद रथ
भास्कर न्यूज - कांकेर
विवेकानंद सार्धशती समारोह के तत्वावधान में विवेकानंद रथ नारायणपुर से होते हुए कांकेर पहुंचा। स्वामी विवेकानंद के संदेश व विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर में छह रथ घूम रहे हैं। यहां आए रथ का विभिन्न शिक्षण संस्थानों के साथ अन्य जगहों पर लोगों ने स्वागत किया। स्वामी विवेकानंद रथ 22 जनवरी की शाम नारायणपुर से कांकेर पहुंचा। दूसरे दिन 23 जनवरी को रथ शहर के विभिन्न स्थानों पर पहुंचा। रथ में स्वामी विवेकानंद की दो मूर्तियां विराजमान है।
शहर में जहां भी रथ पहुंचा लोगों ने इसका स्वागत किया। रथ सिंगारभाठ आश्रम, गढ़पिछवाडी शिशु मंदिर, कृषि विज्ञान केंद्र, लट्टीपारा कन्या उमा विद्यालय, कमला शिशु मंदिर, इंदरू केवट कन्या कालेज व पीजी कालेज पहुंचा। रथ के साथ पहुंचे प्रचारक स्वामी अनुभवानंद ने छात्रों के साथ उपस्थित लोगों को स्वामी विवेकानंद के जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को ग्रहण करने प्रेरित किया। देशभर में 6 रथ माह भर से ज्यादा समय से घूम रहे है।
सभी रथ हैदराबाद से रवाना हुए हैं। रथ में चलने वाले प्रचारक, समिति से जुड़े हुए लोग स्वामी विवेकानंद के संदेशों व विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। सार्ध शती समारोह के संयोजक सुरेशचंद्र श्रीवास्तव सहित शिवसिंह भदौरिया, प्रधुमन सिंह ठाकुर, वीरेंद्र श्रीवास्तव, रामशरण जैन, अशोक देवनाथ ने रथ के माध्यम से स्वामी जी के विचारों को जन जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कांकेर. विवेकानंद रथ पहुंचा शहर। इसे देखने लोग उत्सुक दिखे।
नारायणपुर से शहर पहुंचे विवेकानंद रथ का विभिन्न शैक्षणिक व अन्य संस्थाओं ने स्वागत किया