पांच तरह की वनोपज खरीदेगा वन विभाग
बांदे वन विश्राम गृह में वन संरक्षक पांडे एवं पश्चिम भानुप्रतापपुर वन मंडल के वनमंडलाधिकारी ने जानकारी दी
भास्कर न्यूज - कोरेनार
गांव के वनोपज संग्राहकों को अधिक से अधिक फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से वन विभाग अब सीधे तौर पर पांच तरह की वनोपजों की खरीदी करेगा। इसके लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। बांदे वन विश्राम गृह में वन संरक्षक अरूण कुमार पांडे एवं पश्चिम भानुप्रतापपुर वन मंडल के वनमंडलाधिकारी राजुन्नासी मनी ने इस बारे में जानकारी देते कहा कि शासन के निर्देशानुसार क्षेत्र में उपलब्ध वनोपज चिरौंजी, लाख, कोसा, टोरा एवं इमली अब सीधे तौर पर ग्रामीण संग्राहकों से खरीदी करने प्रांरभिक तैयारियां हो चुकी है।
वन संरक्षक ने कहा कि इसकी खरीदी प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति के माध्यम से कराई जाएगी। समिति प्रबंधकों को हाट बाजारो में फड़ चयन कर सूची सौंपने निर्देश दिए गए हैं। खरीदी में व्यापारियों को भी शामिल किया जा सकता है लेकिन व्यापारियों को शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर ही खरीदी करनी होगी। विभाग क्षेत्र में किसानों को नील गीरी की खेती को प्रोत्साहन देने की योजना बना रही है। इसके तहत किसानों का समूह बनाकर नीलगिरी की खेती की जाएगी। नील गीरी के बड़े हो जाने पर इसके नीचे शाक भाजी भी खेती भी की जा सकती है जो किसानों के लिए फायदेमंद होगी।