- Hindi News
- अस्पताल में टूटे पलंग व फटे गद्दे देख विधायक नाराज
अस्पताल में टूटे पलंग व फटे गद्दे देख विधायक नाराज
भास्कर न्यूज - $ गरियाबंद
राजिम विधायक संतोष उपाध्याय ने गुरुवार को यहां के 50 बिस्तर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में बेड की कमी और अन्य समस्याओं को देखकर मरीजों को शासन से मिलने वाली सुविधा पर्याप्त ढंग से दिए जाने के निर्देश दिए।
विधायक ने वार्ड के निरीक्षण के दौरान फटे गद्दे, पलंग की खराब हालत और चादर की कमी को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ जेएल उइके को निर्देश दिए कि अस्पताल में मरीजों की सुविधा का समुचित तरीके से ध्यान रखे। उन्होंने कहा कि जीवन दीप समिति में पर्याप्त राशि है। उस मद की राशि से नए गद्दे, पलंग और चादर की खरीदी करने के अलावा अस्पताल की व्यवस्था में सुधार लाई जाए। अस्पताल प्रशासन को विधायक ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सुविधा को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंग चिंतित रहते है कि सरकार की मदद मरीजों को बेहतर मिले।
सीएमएचओ ने विधायक को आश्वासन दिया कि दो-तीन दिनों के भीतर वार्डों की व्यवस्था सुधार ली जाएगी। विधायक ने यह भी कहा कि अस्पताल प्रशासन के पास राशि नहीं होने की स्थिति में वे फंड उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने जिला कार्यालय की बैठक में जाने के पहले अचानक अस्पताल का अवलोकन किया। मरीजों से चर्चा की और इस अस्पताल में क्या-क्या व्यवस्था है, इसकी भी जानकारी स्वास्थ्य प्रशासन से ली। अस्पताल के मरीज वार्ड जाने के पहले ओपन बरामदे में घास-फूस को देखकर सफाई कराने को कहा। इसको लेकर डॉ. आरके श्रीमाली ने बताया कि इस स्थान पर गार्डन बनाया जाएगा। डॉक्टरों की कमी की भी जानकारी दी। इस मौके पर भाजपा नेता अजय रोहरा, आशिष शर्मा, शेषनारायण गजभिए, फारूख चौधरी, आशिष शिंदे, सोम प्रकाश साहू इत्यादि उपस्थित थे।