- Hindi News
- किराए पर गद्दा लेकर अस्पताल में रात गुजारी
किराए पर गद्दा लेकर अस्पताल में रात गुजारी
अभनपुर - सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अभनपुर में नसबंदी ऑपरेशन के दौरान महिलाओं को बेड बिस्तर तक उपलब्ध नहीं होता। गुरुवार को इस अस्पताल में 50 महिलाओं की नसबंदी ऑपरेशन कर छोड़ दिया गया। उनके परिजन किराए पर गद्दा लेकर रात गुजारा करते हैं। जिस कमरे में महिला नसबंदियों को जगह दी गई है, वहां पैर रखने तक की जगह नहीं है। यह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र 30 बिस्तर का अस्पताल है। इसमें 10 महिला, 10 पुरुष व 10 डिलीवरी वार्ड हैं। इसके अतिरिक्त अधिकतम 10 से 15 महिलाओं का अतिरिक्त ऑपरेशन कर पाना संभव है।
लेकिन प्राय: अस्पताल में 1 दिन में 30 से 50 तक ऑपरेशन कर मरीजों को जमीन में लेटा दिया जाता है। कई बार इस दशा में उल्टी-दस्त से गंभीर स्थिति निर्मित हो चुकी है। बेहोशी में पड़ी महिलाओं के साथ हुए इस अमानवीय व्यवहार से अनेकों बार जनप्रतिनिधियों व शासन प्रशासन अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समय रहते ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने तत्परता नहीं दिखाई गई। नसबंदी ऑपरेशन कराने पहुंचे शांति साहू आरंड, कमलेश्वरी कुम्ही, डिगेश्वरी ध्रुव रक्सा, रेखा साहू फिंगेश्वर, मोंगरा साहू फिंगेश्वर, लक्ष्मी धींवर बोरसी, पूर्णिमा लोहरसी, जमुना बाई लोहरसी आदि के परिजनों से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि बेड मिलना दूर की बात है। बिस्तर भी किराए पर लाना पड़ा है। ऑपरेशन के बाद मरीज किस हालत में हैं, कोई डाक्टर देखने तक नहीं पहुंचते हैं।