बायपास का गलत दस्तावेज दिखा रहे
भास्कर न्यूज - धमतरी
भाजपा शहर मंडल महामंत्री कविन्द्र जैन ने लिखित विज्ञप्ति जारी कर विधायक गुरूमुख सिंह होरा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे शहर की भोली भाली जनता को गलत दस्तावेज दिखाकर षडयंत्रपूर्वक उनका समर्थन हासिल करने का प्रयास कर रहे हंै। जबकि शहर की समस्या को सुलझाने में पूरी तरह अक्षम हैं। बायपास के निर्माण में हो रहे विलंब के लिए विधायक ही जिम्मेदार हैं और राज्य सरकार पर दोष मढ़ रहे हैं और इसके समर्थन में बकायदा दस्तावेज भी मीडिया के समक्ष प्रस्तुत कर रहे हैं।
उन्होंने प्रेस के माध्यम से जनता को कई बार बताया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा 2011 में भू-अर्जन कार्य के लिए 3 ((ए)) का गजट प्रकाशन भी किया जा चुका है, परंतु विधायक इस तथ्य को छुपा रहे हैं कि 3 ((ए))का गजट प्रकाशन उसकी प्रकाशन तिथि से 1 वर्ष के लिए वैध होता है और उस अवधि के बीत जाने के बाद भू-अर्जन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम 1956 के प्रावधानों के अनुसार पुन: प्रकाशन कराया जाना आवश्यक है।
इस संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक एस चौधरी के पत्र क्रमांक 1202/02/2012/ प. का-ई- धमतरी /रायपुर-धमतरी/भू-अर्जन 871 दिनांक 9 नवंबर 2012 के अनुसार उक्त प्रकरण नस्तीबद्ध किया जा चुका है। पूर्व में प्रकाशित 3((ए)) का गजट प्रकाशन की वैधता अवधि समाप्त हो चुकी है।
इस तथ्य को विधायक छिपाकर यहां की जनता के साथ छल कर रहे हंै। बायपास के निर्माण में रूकावट राज्य नहीं बल्कि केन्द्र में की कांग्रेस सरकार डाल रही है। जिस प्रकार कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाया, उन्हें साड़ी पहनाने जैसा स्तरहीन कार्य किया वैसे ही वे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के लिए करेंगे।
विधायक का झूठ अब जनता के सामने आ चुका है।अब कांग्रेसी राज्य सरकार को कोसने का काम बंद कर क्षेत्र के विकास की चिंता करें।