पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पीपरछेड़ी में हुए शिविर में 431 प्रकरणों का मौके पर निबटारा

पीपरछेड़ी में हुए शिविर में 431 प्रकरणों का मौके पर निबटारा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - धमतरी
ग्राम पीपरछेड़ी में साल का पहला जनसमस्या निवारण शिविर बुधवार को आयोजित किया गया। जिसमें 485 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 431 प्रकरणों का निराकरण मौके पर ही किया गया।
शिविर में कलेक्टर एनएस मण्डावी ने ग्रामीणों को कहा कि गांव का पैसा गांव में ही रहे, इसके लिए ग्रामीणों को स्वरोजगार अपनाते हुए स्वावलम्बी बनना होगा। उन्होंने ग्रामीणों की मांग व शिकायतों से भी रूबरू होकर ग्रामसभाओं के माध्यम से प्रकरण निबटाने की समझाइश दी। मिडिल स्कूल प्रांगण में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई। इस दौरान सर्वाधिक आवेदन राजस्व विभाग में 330 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र बनाने से संबंधित थे। इसी प्रकार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में 61, समाज कल्याण विभाग में 21 तथा जिला रोजगार तथा स्वरोजगार केन्द्र में पंजीयन तथा नवीनीकरण के 14 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका तत्काल निबटारा किया गया। स्वास्थ्य विभाग में 301 मरीजों ने पंजीयन कराया, इनमें से 250 को नि:शुल्क दवा वितरित की गई। 33 लोगों की आंखों का परीक्षण किया गया। इसी तरह आयुर्वेद विभाग में 250 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क उपचार किया गया। मछलीपालन विभाग द्वारा गुहा मछुआ सहकारी समिति कुर्रा तथा जय बजरंग मछुआ सहकारी समिति को मछली बीज के लिए क्रमशत: 12 हजार तथा 10 हजार रुपए के चेक जिला पंचायत के सीईओ पीएस एल्मा ने प्रदान किए गए। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोदभराई तथा अन्न प्राशन रस्म की अदायगी भी की गई। गांव की नारायणी, नीतू, डुमेश्वरी, राधिका तथा प्रीति को पौष्टिक आहार प्रदान कर गोदभराई की गई। गुलशन, धारणा, हिमांशु, ओजस्वी और अनन्या नाम के शिशुओं का अन्न प्राशन कराया गया। इसके पूर्व विभिन्न विभाग के अधिकारियों द्वारा मंच पर बारी-बारी से अपने विभाग के लोक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में सविस्तार जानकारी दी गई।




निराकरण - जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचे अधिकारी