मेगा कैंप में मौजूद रहेंगे आह्वान मित्र
राजनांदगांव - ग्रामीण बेरोजगारों को रोजगार का रास्ता दिखाने शुक्रवार को कमला कॉलेज में मेगा कैंप आह्वान २०१४ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें दो सौ आह्वान मित्र गांव से आने वाले युवक-युवतियों को रास्ता दिखाएंगे। उनका पंजीयन करवाएंगे। उनसे मित्रवत व्यवहार कर हर समस्या सुलझाएंगे। उन्हें सफेद रंग का ड्रेस पहनने कहा गया है और साथ ही आईडेंटी कार्ड भी दिया गया है ताकि उनकी पहचान हो सके। उन्हें गाइड करने विशेषज्ञों की टीम यहां पहुंच गई है। युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। उनकी काउंसिलिंग के बाद उन्हें ट्रेनिंग भी दी जाएगी। इस तरह हरेक युवा को रोजगार के अवसर मुहैया कराए जाएंगे। इस कार्यक्रम के मुख्यअतिथि सीएम डॉ. रमन सिंह शुक्रवार दोपहर २ बजे कार्यक्ै्रम में पहुंचेंगे। कैंप का उद्घाटन कर युवाओं का हौसला बढ़ाएंगे। जिला पंचायत सीईओ डॉ. प्रियंका शुक्ला ने बताया कि युवाओं के लिए कैंप से कुछ दूरी पर गुरुनानक स्कूल में दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई है। इस कैंप में हिस्सा लेने के लिए ३३ हजार से अधिक युवाओं को आमंत्रण भेजा गया है। इसके अलावा भी कोई युवा यदि भाग लेना चाहे तो कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकता है।