- Hindi News
- खेल एवं शिक्षा में समन्वय जरुरी :उपाध्याय
खेल एवं शिक्षा में समन्वय जरुरी :उपाध्याय
राजिम - असफलता ही सफलता की कुंजी है प्रयास करने से एक न एक दिन सफलता अवश्य मिलती है। शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी स्वस्थ मन एवं तन के लिए जरुरी है। शिक्षा एक ऐसी विद्या है जो व्यक्ति को निखारती है, वहीं शरीर को स्वस्थ बनाती है। उक्त विचार ग्राम किरवई में तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता समापन दिवस मुख्यअतिथि विधायक संतोष उपाध्याय व्यक्त किए। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर शाला में वाचनालय भवन के लिए 10 लाख रुपए एवं हरिजन मोहल्ला में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए तीन लाख रुपए देने की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता संत कवि पवन दीवान ने की। विशिष्ट अतिथि संतोष साहू जनपद सदस्य किरवई थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां शारदा के तैल चित्र की पूजा अर्चना कर किया गया। ग्राम के सरपंच हेमलाल तारक, पंच राकेश साकरकर, भरत तारक, क्रांति तारक, मीना वर्मा, बीईओ केके याज्ञिक, स्त्रोत विकास खंड समन्वयक नंदकुमार सक्सेना,क्रीड़ा अधिकारी रोमन साहू, प्राचार्य एमके चंदन ने शाल, श्रीफल से स्वागत किया।
बीईओ श्री याज्ञिक ने जानकारी दी कि तीन दिवसीय इस क्रीड़ा प्रतियोगिता में 162 प्राथमिक शाला एवं 83 पूर्व माध्यमिक शाला के लगभग 1000 प्रतियोगी बालक- बालिकाओं ने विभिन्न खेलों में भाग लिया। विजेता खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए पवन दीवान ने कहा कि मनुष्य के जीवन में खेल को अधिक से अधिक महत्व मिलना चाहिए। खेल से बच्चों में अनुशासन के साथ आपसी भाई चारा, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय की शिक्षा मिलती है।
इस अवसर पर क्रीड़ा अधिकारी रोमन साहू ने अपने पिताजी स्व. मुनीराम साहू की स्मृति में खो-खो व कबड्डी के चैंपियन खिलाडिय़ों को दो शील्ड प्रदान किया। इसी तरह धमनी निवासी राजकुमार साहू ने अपने पिता डा.डीआर साहू की स्मृति में खो-खो व कबड्डी के चैंपियन बच्चों को दो शील्ड प्रदान किया। अतिथियों द्वारा विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कार वितरित किया गया।
क्रीड़ा स्पर्धा के विजेताओं के नाम इस प्रकार हैं- प्राथमिक विभाग में बालक चैंपियन बासीन संकुल,एवं बालिका वर्ग कोपरा संकुल चैंपियन रहे। इसी प्रकार माध्यमिक विभाग में बालक वर्ग में कोपरा संकुल व बालिका वर्ग में लोहरसी संकुल चैंपियन रहे। आल ओव्हर चैंपियनशिप का खिलाफ संकुल केंद्र कोपरा को मिला। सामूहिक खेल में माध्यमिक विभाग में खो-खो बालक में कोपरा प्रथम एवं कौंदकेरा संकुल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी में कोपरा प्रथम व कौंदकेरा संकुल द्वितीय रहे। बालिका वर्ग खो-खो में किरवई प्रथम व लोहरसी संकुल द्वितीय तथा कबड्डी में राजिम प्रथम व लोहरसी संकुल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में आशीष सिन्हा, रामनारायण मिश्रा, आत्माराम साहू, योगेश्वर गोस्वामी, नरेश साहू, हुलास राम साहू, सदाराम साहू, सोहन सेन, सहायक बीईओ अमरदास कुर्रे, उत्तम राजवंशी, प्राचार्य एसएल धिधौड़े, महेश चंदन साक्षर भारत परियोजना अधिकारी यशवंत साहू, सपोर्टिंग शिक्षक आलोक शर्मा, बसंत सोनी हेरुलाल तारक उप सरपंच, कमलेश साहू, पंच कुमार दुबे, गनेश्वर काठरे, वेदराम बंजारे सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रफुल्ल दुबे ने किया तथा आभार प्रदर्शन सरपंच नारायण साहू ने किया।