- Hindi News
- पैरी घुम्मर योजना से खेतों में आएगी हरियाली
पैरी घुम्मर योजना से खेतों में आएगी हरियाली
भास्कर न्यूज - गरियाबंद
परसुली तक बन गई नहर
नहरों के कार्य के टेंडर लगाए गए हैं। जल संसाधन विभाग के एसडीओ एसके कक्कड ने बताया कि पैरी घुम्मर से एकमात्र ग्राम गरगटी परसुली ही लाभान्वित हो रहा है। यहां तक आसानी से नहरों के माध्यम से पानी पहुंच पा रहा है इसलिए यहां के किसानों को पानी देने का निर्णय लिया गया है। योजना के तहत वियर में तीन गेट लगाए गए हैं जिसमें अब लबालब पानी रुकना शुरू हो गया है। विभाग ने पानी छोड़कर ट्रायल किया था जो सफल रहा। प्रयोग के सफल होने पर अब किसानों को रबी सिंचाई का पानी देने का निर्णय ले लिया गया है।
डेढ़ साल और लगेंगे
योजना में लाभान्वित सभी ग्रामों के किसानों को पानी उपलब्ध कराने में विभाग के मुताबिक एक से डेढ़ वर्ष लग जाएंगे। रोड़ा इस बात का है कि किसानों को भू-अर्जन की राशि देने के अलावा नहरों का निर्माण किया जाना है।
अंडर ग्राउंड नहर बनेगी
इस सिंचाई योजना से जिला मुख्यालय गरियाबंद के किसानों के अलावा इसके आसपास के ग्राम पारागांव, आमदी, सढौली, चिखली आदि के किसान भी लाभान्वित होंगे। गरियाबंद मेंअटल कांप्लेक्स के पास अंडरग्राउंड नहरें बननी है। बताना जरूरी है कि जिस जगह से नहर जानी थी वहां पर नगर पंचायत ने अटल कॉम्प्लेक्स की दुकानें तान दी थीं।
300 एकड़ में होगी सिंचाई
पैरी घुम्मर डायवर्सन सिंचाई योजना से खेतों में हरियाली आएगी। वर्षों से प्यासे खेत में इस सिंचाई योजना के लागू होने से से किसान खुशहाल होंगे। जल संसाधन विभाग की पिछले 15 दिनों की कोशिश अब परवान चढऩे वाली है। विभाग फिलहाल एकमात्र ग्राम गरगटी परसुली को 300 एकड़ में सिंचाई का पानी देगा। 29 करोड़ की लागत बनी योजना अभी अधूरी है इसलिए अन्य ग्रामों को पानी नहीं दिया जा रहा है क्योंकि अभी 31 किलोमीटर में से 10 किलोमीटर तक ही नहर बन पाई है।