तीसरी आंख से होगी चौकसी
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में लगेगा सीसी कैमरा। सभी गेट पर लटकेंगे कैमरे। समारोह में शामिल होने वाले प्रत्येक लोगों की कैद होगी तस्वीरें।
भास्कर न्यूज - धमतरी
26 जनवरी के दिन सुबह डॉ शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में मुख्य समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अजय चंद्राकर होंगे। इसके अलावा तमाम अधिकारी, कर्मचारी, नागरिक एवं शहर के स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहेंगे। इन लोगों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए इस बार पुलिस प्रशासन ने तगड़ी व्यवस्था की है। पुलिस अधीक्षक अकबर राम कोर्राम ने बताया कि मैदान में बड़ी संख्या में पुलिस के अधिकारी व जवान तैनात रहेंगे, जो शांति व सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। इस बार मुख्य समारोह स्थल पर सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। देखा गया है कि मैदान में मुख्य समारोह देखने कई तरह के अजनबी लोग पहुंचते हैं।
इनमें कई ऐसे लोग रहते हैं, जिन्हें पहचाना नहीं जा सकता। ऐसे तत्वों से बचने के लिए पुलिस प्रशासन मुख्य समारोह में तीन सीसी कैमरे लगाएगा, जिसकी नजर समारोह में पहुंचने वाले सभी लोगों पर रहेगी। सभी की तस्वीरे कैमरे में कैद होगी। ऐसे में हर आदमी की जानकारी रिकार्ड के रुप में रखी जा सकेगी।
सुरक्षा को लेकर की गई व्यवस्था
॥गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य समारोह स्थल पर सीसी कैमरा लगाया जाएगा। नक्सल प्रभावित क्षेत्र नगरी-सिहावा में सर्चिंग तेज कर दी गई है। ञ्जञ्ज
अकबर राम कोर्राम, पुलिस अधीक्षक धमतरी
हो रही चेकिंग
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर पुलिस ने दो दिन पहले सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। शुक्रवार को नगरी-सिहावा मार्ग, रूद्री-गंगरेल रोड पर पुलिस जवानों ने यहां से गुजरने वाले सभी वाहनों को चेकिंग किया। साथ ही असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी बरतती रही। माओवाद क्षेत्र नगरी-सिहावा में भी सर्चिंग तेज कर दी गई है। जगह-जगह पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
धमतरी. परेड ग्राउंड में अंतिम रिहर्सल में प्रस्तुति देती छात्राएं।
सतर्कता - गेट पर लगेंगे तीन कैमरे, तैनात किए जाएंगे सैकड़ों जवान