हटाए गए ठेलों को लगाने कहा विधायक ने
भाटापारा - रिहायशी इलाके रामसप्ताह चौक,पंजाब नेशनल बैंक के सामने से हटाए गए एक दर्जन से अधिक चाट गुपचुप के ठेले वालों ने विधायक शिवरतन शर्मा से उन्हें नया स्थान मिलने तक उसी स्थान पर ठेला लगाने की गुहार लगाई है।
श्री शर्मा ने टीआई डीके नेताम से चर्चा कर अभी कुछ दिनों तक इनके ठेले को नई जगह के चयन होने तक उसी स्थान पर लगने का निर्देश दिया। उल्लेखनीय है कि महिला संगठनों की शिकायत पर पुलिस ने उन्हें हटाया था। इन ठेलों के आसपास असामाजिक तत्वों का जमघट रहता था लेकिन विधायक के हस्तक्षेप से अब पुन: ठेले वालों को बल मिल गया है। बताना जरूरी है कि काफी अर्से से वे यहां ठेला लग रहे थे।
आए दिन इन ठेलों के आसपास मजमा लगता था तथा छींटाकशी एवं छेडख़ानी की घटनाएं हो रही थीं। इसी के मददेनजर महिला संगठनों ने इसकी लिखित शिकायत शहर थाना में की जिसमें बताया गया था कि यहां पर शाम 7 बजे के बाद माहौल खराब हो जाता है । इसके बाद शहर टीआई ने पुलिस बल के साथ इन चाट ठेलों को वहां से हटवा दिया था। शिकायत के एक दिन बाद यहां छींटाकंशी के विवाद को लेकर चाकूबाजी की घटना भी घटित हुई थी लेकिन यह मामला थाने तक नहीं पहुंचा। इसके बाद यहां से सभी ठेलों को हटवा दिया गया था।
पुलिस ने इसके बाद रात को यहां पेट्रोलिंग चालू कर दी है। ज्ञात होकि जयस्तंभ चौक से लेकर जयश्री मेडिकल स्टोर्स तक बड़ी संख्या में गुपचुप-चाट के ठेले लगने की वजह से काफी भीड़ हो जाती थी और कुछ असामाजिक तत्व भी मौके का पायदा उठाते थे।