- Hindi News
- काउंसिलिंग के पहले ही अफसर और नेता के करीबियों को दे दी पोस्टिंग
काउंसिलिंग के पहले ही अफसर और नेता के करीबियों को दे दी पोस्टिंग
अरुण चौधरी - धमतरी
शिक्षा एवं कोषालय विभाग में सहायक ग्रेड-3 की भर्ती में काउंसिलिंग के पहले ही एक युवती समेत तीन आवेदकों की पोस्टिंग के आदेश जारी कर दिए गए। इनमें से एक जिले के कद्दावर नेता का दूर का रिश्तेदार है और बाकी दो अफसरों के बच्चे। मेरिट लिस्ट के नियम का भी पालन नहीं किया गया। जिला प्रशासन ने कलेक्टोरेट, शिक्षा विभाग में 117 पदों के लिए पिछले साल सितंबर से भर्ती शुरू की थी। इसमें आठ हजार से ज्यादा आवेदन आए। 21 सितंबर को पहली परीक्षा आयोजित की गई। इसमें प्रदर्शन
के आधार पर मेरिट लिस्ट बनी। इसके बाद आवेदकों की कौशल परीक्षा ली गई। शेष - पेज ९
दोनों परीक्षाओं के अंकों के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट बनाई गई। इस सूची के आधार पर आवेदकों को 30 और 31 जनवरी को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था।
सबसे ज्यादा अंक पाने वाले आवेदकों के पास मनचाही जगह पर पोस्टिंग पाने का विकल्प था। पर अफसरों और नेताओं के बच्चों को लाभ देने के लिए परीक्षा आयोजन समिति ने तीन लोगों को 23 जनवरी को ही पोस्टिंग दे डाली। इनमें महासमुंद निवासी पुष्पेंद्र कुमार चंद्राकर पिता चंद्र पाल चंद्राकर, माना कैंप रायपुर में रहने वाले आनंद सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह और बिलासपुर के ग्राम अमेरी में रहने वाली सरोज कोर्राम पिता एआर कोर्राम शामिल हैं। आनंद सिंह ((88.12 अंक)) का नाम मेरिट लिस्ट में 13वें, सरोज कोर्राम ((87.46 अंक))का 17वें और पुष्पेंद्र ((86.19 अंक))का 25वें नंबर पर हैं। नियुक्ति आदेश की प्रति भास्कर के पास भी है। आदेश से काउंसिलिंग की तैयारी में लगे तीन सौ से ज्यादा आवेदक सकते में हैं। नाम न छापने की शर्त पर एक उम्मीदवार ने कहा कि अब तो साफ है कि किसे नियुक्ति देनी है यह पहले से ही तय है। भास्कर ने नियुक्ति आदेश पाने वाले तीनों अभ्यर्थियों और उनके करीबियों से बातचीत की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।