पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मांगें पूरी न हुई तो लाफार्ज संयंत्र बंद करा दूंगा: बैस

मांगें पूरी न हुई तो लाफार्ज संयंत्र बंद करा दूंगा: बैस

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बलौदाबाजार
26 जनवरी की दोपहर सांसद रमेश बैस ने कलेक्टर कार्यालय में लाफार्ज सीमेंट संयंत्र के खिलाफ पिछले डेढ़ माह से धरने पर बैठे किसानों, प्रशासन तथा सीमेंट संयंत्र के अधिकारियों की बैठक ली। लगभग दो घंटे तक चली बैठक में सांसद किसानों की मांगो के लिए संयंत्र के खिलाफ आक्रामक रहे।
उन्होंने किसानों की सभी मांगो का समर्थन करते हुए उन्हें हर हाल में पूरा करने की बात कही। लाफार्ज सीमेंट संयंत्र तथा प्रशासन को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसानों की मांगों के पूरा होने के पहले लाफार्ज ने रेलवे ट्रैक का काम प्रारंभ किया तो वे स्वयं उपस्थित होकर आंदोलन का नेतृत्व करेंगे तथा ट्रैक उखाडऩे के साथ लाफार्ज संयंत्र को भी बंद करा देंगे।प्लांट चले कि नहीं चले मुझे इसकी चिंता नहीं है जब तक किसानों की मांगे पूरी नहीं हो जाती लाफार्ज सीमेंट संयंत्र द्वारा रेलवे ट्रैक का कार्य नहीं कराया जाएगा।
लाफार्ज सीमेंट संयंत्र के खिलाफ पिछले लगभग डेढ़ माह से धरने पर बैठे लगभग 150 किसानों, प्रशासन, लाफार्ज सीमेंट संयंत्र तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में रविवार को आयोजित बैठक में किसानों का पक्ष लेते हुए श्री बैस ने कहा कि सीएसआईडीसी के नियमों के अनुसार प्राइवेट सेक्टर में जो प्लांट लगता है उसके लिए जमीन का अधिग्रहण शासन नहीं कर सकता परंतु लाफार्ज सीमेंट संयंत्र के
मामले में इन नियमों का स्पष्ट उल्लंघन किया गया है। शेष पेज १९ पर
उन्होंने कहा कि लाफार्ज सीमेंट संयंत्र न तो स्थानीय लोगों को नौकरी देता है और न ही ग्रामीण विकास के कार्य कराता है। जमीन बेचने वाले किसानों को नौकरी नहीं देना पड़े इसलिए दलालों के माध्यम से जमीन खरीदकर प्लांट अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकता ।
किसानों की मांगो का समर्थन कर रहे जिला पंचायत सदस्य मुरारी मिश्रा ने श्री बैस को बताया कि दलालों के माध्यम से कंपनी ने जमीन खरीदी जिसके लिए किसानों को पहले प्रलोभन दिया गया, बाद में किसानों को डराया-धमकाया भी गया । कई किसानों के फोटो के स्थान पर दूसरे लोगों की फोटो लगाकर रजिस्ट्री कराई गई है इसके लिए संयंत्र के अधिकारियों के खिलाफ आदिवासी अत्याचार अधिनियम के तहत कार्यवाही तथा एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। बैठक में कलेक्टर राजेश सुकुमार टोप्पो, संयुक्त कलेक्टर डा संतोष देवांगन, एसडीएम सौमिल रंजन चौबे, तहसीलदार अजय उरांव, जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदकुमार साहू, जनपद सदस्य सुनीता वर्मा, महिला मोर्चा की वरिष्ठ नेता धनेश्वरी सेन, सांसद प्रतिनिधि संतोष नायक, सुनील मिश्रा, लाफार्ज सीमेंट संयंत्र से जी पी सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रभावित किसान परिवार उपस्थित थे।




कमेटी जांच करेगी



फर्जी रजिस्ट्री की दर्जनभर शिकायत मिलने के बाद सांसद रमेश बैस ने कलेक्टर को एक कमेटी बनाकर सभी रजिस्ट्री की जांच किए जाने तथा उसकी रिपोर्ट दिए जाने के निर्देश दिए तथा रिपोर्ट आने तक लाफार्ज सीमेंट संयंत्र द्वारा रेलवे ट्रैक में कार्य नहीं किए जाने के निर्देश भी दिए।

ये हैं किसानों की मांगें

बैठक में उपस्थित लगभग 150 किसानों ने एक स्वर में अपनी पांच सूत्रीय मांग रखते हुए भूमि स्वामियों को 15 लाख रूपये प्रति एकड़ की दर से भुगतान, पिछले 13 सालों से लेकर आज तक जिन भू स्वामियों को नौकरी नहीं दी गयी है उन्हें पिछले 13 साल का वेतन, रेलवे ट्रैक के लिए खोदे गए खेतों का समतलीकरण, भूमि नहीं बेचने वाले किसानों की ऋण पुस्तिका को तत्काल वापस करने तथा जिन ग्रामों की जमीन ली गयी है वहां सड़क, पेयजल, प्रकाश की स्थायी व्यवस्था लाफार्ज सीमेंट संयंत्र से किए जाने की मांग रखी। इसका सांसद बैस ने समर्थन किया।

दलालों की शिकायत

बैठक में किसानों ने नाम लेकर अमित कुमार तथा ऋषभ से संबंधित लोगों द्वारा जमीन बेचने के लिए किसानों को धमकाए जाने की शिकायत की। किसानों ने लाफार्ज सीमेंट संयंत्र द्वारा पुलिस के सहयोग से भाटापारा ग्रामीण थाने अंतर्गत पांच किसानों के खिलाफ विगत दिनों झूठी कार्यवाही कर दबाव बनाए जाने की शिकायत की जिस पर श्री बैस ने कलेक्टर को अमित कुमार तथा ऋषभ के खिलाफ कड़ी कार्यवाही तथा भाटापारा ग्रामीण थाने में जिन पांच किसानों के खिलाफ कार्यवाही की गयी है उसे तत्काल खारिज किए जाने के निर्देश दिए।