- Hindi News
- तिरंगा फहरा कर पढ़ा संदेश मुख्यमंत्री का
तिरंगा फहरा कर पढ़ा संदेश मुख्यमंत्री का
सभी जिला मुख्यालयों में तिरंगा फहरा कर मुख्यमंत्री का प्रदेश की जनता के नाम संदेश मुख्य अतिथियों ने पढ़ा। मार्च पास्ट की सलामी ली।
भास्कर न्यूज - कोंडागांव/नारायणपुर/ सुकमा /बीजापुर /दंतेवाड़ा
प्रतिभाओं, बेहतर प्रदर्शन करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच लोक नृत्य, गीतों राष्ट्रीय एकता की सतरंगी तस्बीर सामने आई।
कोंडागांव अलग जिले के रूप में दो साल पूरे कर चुके कोंडागांव में गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष लच्छूराम कश्यप ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान पूर्व मंत्री लता उसेंडी, विधायक मोहन मरकाम सहित शासकीय सभी अधिकारी और जनप्रतिनिधि आदि मौजूद थे।
नारायणपुर में मुख्य समारोह बालक उच्चतर माध्यमिक साला परिसर में हुआ। जिपं अध्यक्ष बिसेल राम नाग ने ध्वजारोहण किया।
सुकमा जिला मुख्यालय में जिपं दंतेवाड़ा अध्यक्ष जमुना मांझी ने तिरंगा फहराकर मार्चपास्ट की सलामी ली। झांकिया निकाली गई, मार्चपास्ट हुआ। प्रतिभाओं और सेवादारों को सम्मान स्वरुप प्रशस्ति पत्र दिए गए। कलेक्टोरेट में कलेक्टर एके टोप्पो ने झंडा फहराया।
बीजापुर मुख्यालय में सांसद दिनेश कश्यप ने तिरंगा फहरा कर मुख्यमंत्री ड. रमन सिंह का संदेश वाचन किया। मार्च पास्ट में 10 प्लाटूनों ने भाग लिया। शहीद आरक्षक सत्य प्रधान की आश्रित जानकी, श्रीमणी तिरुपति की आश्रित लक्ष्मी, राधेश्याम केसरी की आश्रित सावित्री केसरी, यालम धर्मेया की आश्रित कांता यालम का सम्मान किया गया। जनप्रतिनिधि, अफसर आमजनता बड़ी संख्या में शामिल हुए। सुरक्षा भी पुख्ता रही।
कलेक्टोरेट में मो. कैसर अदुल हक, पुलिस लाइन में एसपी प्रशांत अग्रवाल ने और जिपं में अध्यक्ष नीना रावतिया ने झंडा फहराया। जिले के भैरमगढ़ में तैनात सीआरपीएफ की १९९ बटालियन के कैंप में ध्वजारोहण कमांडेंट शिवशंकर उपाध्याय ने किया।
दंतेवाड़ा में स्कूल शिक्षा विभाग के मंत्री केदार कश्यप ने हायर सेकेंडरी शाला मैदान में तिरंगा फहराया। 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों अतिथियों को मंत्र मुग्ध कर दिया। कलेक्टोरेट में कलेक्टर केसी देवसेनापति ने झंडा वंदन किया।
देवती ने जयस्तंभ में फहराया तिरंगा
दंतेवाड़ा विधायक देवती कर्मा ने कांग्रेस भवन व जयस्तंभ चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कलेक्ट्रेट में कलेक्टर केसी देवसेनापति ने, जिला पंचायत में सीईओ डॉ सारांश मित्तर ने ध्वजारोहण किया। कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण के दौरान अपर कलेक्टर एसआर साहू, सहायक कलेक्टर शिवअनंत तायल, एसडीएम विजय कुजूर, डिप्टी कलेक्टर शिवकुमार तिवारी समेत अन्य अफसर-कर्मी मौजूद थे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे
समारोह के दौरान कार्यक्रम स्थल व आस-पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। नगर के अलावा आस-पास के इलाकों में फोर्स ने घेराबंदी की थी। किसी भी संभावित हमले से निपटने जवान मुस्तैद रहे। मुस्तैदी के चलते राष्ट्रीय पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सका।