पुलिस बनने उमड़े सैकड़ों बेरोजगार
भास्कर न्यूज - धमतरी
पुलिस भर्ती के लिए पुलिस ग्राउंड में पहले दिन नापजोख व प्रमाण पत्रों का हुआ सत्यापन।भर्ती में पहुंचे प्रदेशभर के हजारों अभ्यर्थी।
पुलिस ग्राऊंड रूद्री में सोमवार से भर्ती प्रक्रिया आरंभ हुई। भर्ती में शामिल होने सुबह 6 बजे से भर्ती पर स्थल पर बेरोजगारों की भीड़ लग गई थी। भीड़ अधिक होने से गहमागहमी मची हुई थी। पुलिस विभाग के अनुसार भर्ती के लिए पहले दिन सामान्य वर्ग के 6०० पुरूष, अन्य पिछड़ा वर्ग के 24०० अभ्यर्थी, अनुसूचित जनजाति के 18०० और अनुसूचित जाति के 6०० पुरूष अभ्यर्थी शामिल थे।
महिला वर्ग में सामान्य वर्ग के 271, एससी वर्ग के 212 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 6०० महिला अभ्यर्थी को बुलाया गया था। यह भर्ती जिला पुलिस विभाग में आरक्षक के रिक्त 90 पद और आरक्षक चालक के 2 पदों के लिए किया जा रहा है।
नापजोख हुई
भर्ती स्थल में रोल नंबर के अनुसार अभ्यर्थियों को मैदान में प्रवेश दिया गया। पहले अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन हुआ, तत्पश्चात एक-एक कर विभिन्न पंडालों में अभ्यर्थियों की ऊंचाई, वजन, फुट और चेस्ट की नापजोख की गई। मंगलवार को एसटी वर्ग के उम्मीद्वारों का नापजोख व प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए बुलाया गया है। नापजोख की प्रक्रिया के बाद अभ्यर्थियों का दौड़, गोलाफेंक समेत विभिन्न प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ेगा। पुलिस भर्ती में पुलिस-अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
अभ्यर्थी बहा रहे पसीना
महिला-पुरूष अभ्यर्थियों की लंबी कतार लगी रही। पुरूष वर्ग के युवकों को धूप में घंटों बैठना पड़ा। द्री-गंगरेल मार्ग में पुलिस ड्यूटी नहीं होने से यहां ट्रैफिक की समस्या है।
धमतरी. पुलिस लाईन में अभ्यर्थी की नापजोख करता सिपाही एवं बाहर अभ्यर्थियों की लगी लाईन।
सभी जिलों के अभ्यर्थी हुए शामिल, बेरोजगारों से खचाखच रहा मैदान